नोएडा

मर्सडीज से गांजा बेचने वाला हाईप्रोफाइल तस्कर गिरफ्तार, बरामद हुआ विदेशी ड्रग

नोएडा के थाना सेक्टर 126 पुलिस ने एक ऐसे ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो ड्रग्स बेचने के लिए मर्सडीज कार का इस्तेमाल करता था। आरोपी के पास से 4 लाख रुपये के विदेशी ड्रग्स और गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने सप्लाई में इस्तेमाल की जाने वाली मर्सडीज कार जब्त कर ली है।

Image

मर्सडीज से ड्रग तस्करी करने वाला गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Noida Drug Peddler Arrested: नोएडा के थाना सेक्टर 126 पुलिस ने एक हाईप्रोफाइल ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जो महंगी मर्सडीज कार का इस्तेमाल कर नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 4 लाख रुपये की विदेशी ड्रग्स और गांजा बरामद किया है।

मर्सडीज से करता था पेडलिंग

जानकारी के मुताबिक, थाना सेक्टर-126 पुलिस की टीम ने असगरपुर टी-प्वाइंट सेक्टर-127 के पास चेकिंग के दौरान इस शातिर तस्कर को दबोच लिया। साथ ही पुलिस ने आरोपी की पेडलिंग में इस्तेमाल की जाने वाली मर्सडीज कार भी जब्त कर ली है। आरोपी की पहचान हरीशिकेश दानेदार के रूप में हुई है। जो मूल रूप से केरल का रहने वाला है और मौजूदा समय में नोएडा के जेपी कॉसमॉस सोसाइटी में रहता था।

छात्रों को करता था सप्लाई

आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों से जुड़ता और फिर उनकी डिमांड के मुताबिक ड्रग्स की सप्लाई करता था। वह नोएडा-दिल्ली के स्कूलों, कॉलेजों और मॉल इलाकों में सप्लाई करता था। पुलिस के मुताबिक, वह खुद को 'एलीट क्लास' का दिखाने के लिए महंगी मर्सडीज कार का इस्तेमाल करता ताकि उस पर किसी को शक न हो। बताया जा रहा है कि विदेशी ड्रग की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 लाख रुपए प्रति किलो है। आरोपी इसे दिल्ली से मंगाकर नोएडा में सप्लाई करता था।

4 लाख रुपये के ड्रग्स बरामद

डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने बताया कि थाना सेक्टर-126 पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो नोएडा स्कूल, कॉलेजों और मॉल वाले इलाकों में देशी गांजा और OG नाम के विदेशी नशीले पदार्थ की सप्लाई करता था। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए अलग-अलग यूनिवर्सिटी और छात्रों से संपर्क करता और डिमांड के अनुसार ड्रग्स की सप्लाई करता था। आरोपी मर्सडीज कार का इस्तेमाल कर खुद को एलीट क्लास का दिखाता था ताकि उस पर किसी को शक न हो। आरोपी के कब्जे से लगभग 6 किलो 800 ग्राम गांजा और 500 ग्राम OG बरामद किया गया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही सप्लाई में इस्तेमाल की जाने वाली मर्सडीज कार भी जब्त कर ली गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article