नोएडा

नोएडा के सुमित्रा अस्पताल में लगी आग, दो लोग हुए जख्मी; रिकॉर्ड रूम जलकर स्वाहा

नोएडा में सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में आज सुबह एक अस्पताल के रिकॉर्ड रूम में आग लग गई। घटना की सूचना पाकर 6 फायर सर्विस यूनिट और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मौके पर पहुंचे। दमकल की टीम ने तेजी से आग को काबू कर बुझा दिया। जिसके बाद स्मोक एक्सट्रैक्शन सिस्टम से धुआं निकाला गया। इस घटना में दो केयर टेकर स्टाफ को हल्की चोटें आई है। इसके अलावा किसी मरीज को कोई चोट नहीं आई है। हालांकि रिकॉर्ड रूम जलकर राख हो गया है।

Image

नोएडा के अस्पताल में आग

Noida Hospital Fire: नोएडा में आज सुबह थाना सेक्टर-24 क्षेत्र में स्थित 'सुमित्रा हॉस्पिटल', सेक्टर-35 में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग अस्पताल के भूतल पर स्थित रिकॉर्ड रूम में लगी थी। राहत की बात यह रही कि घटना के समय रिकॉर्ड रूम बंद था और कोई व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 6 फायर सर्विस यूनिट और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म को मौके पर रवाना किया। दमकलकर्मियों ने आग पर तेजी से काबू पाया और आग को पूरी तरह बुझा दिया। आग पर नियंत्रण पाने के बाद धुएं को बाहर निकालने के लिए स्मोक एक्सट्रैक्शन सिस्टम का इस्तेमाल किया गया।

दो केयर टेकर स्टाफ को आई हल्की चोटें

अस्पताल प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए फर्स्ट और ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरी मंजिल के मरीज भी समय रहते स्वयं बाहर आ गए। तीसरी मंजिल पर भर्ती मरीजों को बाहर निकालने की आवश्यकता नहीं पड़ी क्योंकि वहां तक आग या धुआं नहीं पहुंचा। घटना के दौरान दो केयर टेकर स्टाफ को शीशा तोड़ते समय हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में ही भर्ती किया गया।

शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका

किसी भी मरीज या कर्मचारी की जान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। दमकल विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल प्राथमिक रूप से आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इस घटना ने एक बार फिर अस्पतालों में फायर सेफ्टी की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि सुमित्रा हॉस्पिटल प्रशासन और दमकल विभाग की समय पर कार्रवाई से बड़ी दुर्घटना होने से बचा लिया गया। थाना सेक्टर-24 पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article