Noida Fire: सोमवार की दोपहर नोएडा की सेक्टर 3 की एक इमारत में भीषण आग लग गई। यह एक कमर्शियल बिल्डिंग है, जिसका ऊपरी तल आग की चपेट में आ गया था। आग गंभीर थी, इससे निकलता धुंए का गुबार काफी दूर से नजर आ रहा था। आग के कारण आसपास में मची अफरातफरी का माहौल बन गया और पड़ोस की इमारतों से लोग घरों से बाहर निकल आए।
जानकारी के मुताबिक नोएडा के सेक्टर 3 में स्थित सीटीए गारमेंट फैक्ट्री में सोमवार दोपहर आग लग गई, जिससे कर्मचारियों और आस-पास के इमारतों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना फैक्ट्री के वॉशिंग डिपार्टमेंट में दोपहर करीब 2:55 बजे हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे के अनुसार, आग सुविधा में स्थापित सौर पैनल में खराबी के कारण लगी थी। जैसे ही धुआं इमारत की ऊपरी मंजिल पर फैल गया, कर्मचारियों ने एहतियात के तौर पर परिसर खाली कर दिया।
अग्निशमन विभाग ने आपातकालीन स्थिति पर तुरंत प्रतिक्रिया दी। तीन दमकल गाड़ियां और एक हाइड्रोलिक वाहन घटनास्थल पर तैनात किए गए, और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं मिली।
घटना पर चीफ फायर ऑफिसर (CFO) गौतमबुद्धनगर प्रदीप कुमार ने बताया कि दोपहर 02:55 बजे को थाना फेस-1 नोएडा क्षेत्र के सेक्टर-3 नोएडा में आग लगने की सूचना मिली। जिसपर तत्काल कार्रवाई करते हुए फायर सर्विस यूनिट हाइड्रोलिक प्लेटफार्म के घटनास्थल पर रवाना हुई। जिसे फायर सर्विस यूनिट द्वारा कंपनी में लगे अग्निशमन उपकरणों व अपने फायर टेंडर की मदद से पूर्ण रूप से बुझा दिया गया। शुरुआत में कंपनी में आदमी फंसे होने की सूचना भी प्राप्त हुई थी परंतु मौके पर कोई भी फंसा हुआ नहीं था।
