Noida News: उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला पुलिस ने एक प्रतिष्ठित कॉलेज की छात्रा के साथ कथित रूप से यौन उत्पीड़न करने का मामला सामने आया है। इस मामले में कॉलेज के दो शिक्षकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि थाना दादरी पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर संस्थान के दो सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद एक शिक्षक को हिरासत में लिया है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि कॉलेज में बी-फार्मा कोर्स के चौथे वर्ष में पढ़ने वाली छात्रा का आरोप है कि प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान फैकल्टी के एक सदस्य ने उसका यौन उत्पीड़न किया और उसके साथ मारपीट की। उन्होंने आगे बताया कहा कि छात्रा ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उसका एक दोस्त उसे बचाने आया तो उसके साथ भी मारपीट की गई।
प्रिंसिपल ने शिकायत पर दी फेल करने की धमकी
छात्रा के मुताबिक, जब उसने इस घटना की जानकारी कॉलेज के प्रिंसिपल को दी तो उन्होंने उसकी मदद करने की बजाए उसकी बात नहीं सुनी और कथित रूप से उसे फेल करने और करियर बर्बाद करने की धमकी दी। छात्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया है जिसमें वह अपने साथ हुई घटना को लेकर टीचर और प्रिंसिपल पर आरोप लगाती नजर आई।
छात्रा ने दी जान देने की धमकी
वीडियो में छात्रा ने कहा है कि अगर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपनी जान दे देगी। इस बीच घटना के विरोध में समाजवादी छात्र सभा ने कॉलेज के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर किया। समाजवादी छात्र सभा के जिला अध्यक्ष मोहित नागर ने टीचरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और छात्रा को न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता जताई है। हालांकि इन आरोपों पर संस्थान की ओर से फिलहाल कोई बयान नहीं आया है।
(इनपुट - भाषा)
