शहर

नोएडा एक्सप्रेसवे को मिलेगा बैकअप कॉरिडोर; लोड होगा कम, खत्म होगा जाम का झंझट

नोएडा के जाम से अब थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नोएडा अथॉरिटी एक्सप्रेसवे के पैरेलल 45 मीटर चौड़ी रोड की रुकावटों को दूर कर इसे चालू करने जा रही है। यह सड़क जाम के समय बैकअप रूट का काम करेगी और एक्सप्रेसवे पर लोड कम करेगी।

Image

जमीन अधिग्रहण के लिए फंड जारी

Photo : Times Now Digital

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर हर दिन लगने वाले भीषण जाम से जूझने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए राहत की बड़ी खबर है। नोएडा अथॉरिटी एक्सप्रेसवे के पैरेलल बन रही 45 मीटर चौड़ी सेक्टर रोड की रुकावटों को दूर कर इसे 'बैकअप कॉरिडोर' के रूप में चालू करने की तैयारी में है। यह सड़क एक्सप्रेसवे के लिए 'प्लान-बी' का काम करेगी और ट्रैफिक के दबाव को काफी हद तक कम कर देगी।

मात्र 2.5 एकड़ जमीन और 230 मीटर का गैप

इस कॉरिडोर का अधिकांश हिस्सा पहले ही बनकर तैयार है, लेकिन सेक्टर 163 और 167 के बीच तीन छोटे-छोटे पैच (74 मीटर, 75 मीटर और 81.5 मीटर) की वजह से यह सड़क अधूरी है। कुल मिलाकर महज 2.5 एकड़ जमीन न मिलने के कारण यह पूरी रोड इस्तेमाल के लायक नहीं हो पा रही है। इन रुकावटों की वजह से सेक्टर 135, 150, 151, 152, 153, 155, 163, 167 और 168 के निवासियों को मजबूरी में एक्सप्रेसवे का सहारा लेना पड़ता है, जिससे वहां जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है।

जमीन अधिग्रहण का रास्ता साफ, फंड जारी

जागरण की खबर के मुताबिक नोएडा अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर इस समस्या का हल निकाल लिया है। अथॉरिटी के फाइनेंस कंट्रोलर ने जमीन अधिग्रहण के लिए आवश्यक राशि जिला प्रशासन के खाते में जमा कर दी है। जल्द ही जमीन लेकर इन मिसिंग लिंक (गैप) को भर दिया जाएगा, जिससे वाहन चालक बिना किसी रुकावट के पूरी सड़क का इस्तेमाल एंड-टू-एंड कर सकेंगे।

एयरपोर्ट शुरू होने से पहले 'प्लान-बी' तैयार करना जरूरी

नोएडा और जेवर एयरपोर्ट के बीच कनेक्टिविटी बढ़ने से एक्सप्रेसवे पर बोझ और अधिक बढ़ेगा। डीएनडी, चिल्ला और कालिंदी कुंज से आने वाले भारी ट्रैफिक को संभालने के लिए यह पैरेलल रूट किसी लाइफलाइन से कम नहीं होगा। लंबे समय के लिए एक नए समानांतर एक्सप्रेसवे का प्रस्ताव पाइपलाइन में है, लेकिन जब तक उसे केंद्र और राज्य सरकार से मंजूरी नहीं मिलती, तब तक यह 45 मीटर चौड़ी सेक्टर रोड ही नोएडा का मुख्य बैकअप रूट होगी।

पुश्ता रोड का भी होगा कायाकल्प

एक्सप्रेसवे के एक अन्य विकल्प के तौर पर पुश्ता रोड को भी तैयार किया जा रहा है। करीब 11.5 किलोमीटर लंबी इस 4-लेन सड़क की रि-सर्फेसिंग की जाएगी। सिंचाई विभाग ने इसकी अनुमति दे दी है और इसके लिए 20 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। यह सड़क भी जाम के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन के लिए एक मजबूत विकल्प साबित होगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article