शहर

नोएडा में देर रात गोलियों की गूंज, पुलिस ने हत्या के आरोपियों को ऐसे दबोचा

नोएडा के सेक्टर-63 में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हुई। जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और दो बाल अपचारियों को कॉम्बिंग में पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि आरोपी हत्या के मामले में फरार थे।

Image

Noida Encounter

Noida Police Encounter: नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ की घटना हुई। जिसमें पुलिस ने हत्या के दो आरोपियों को गोली लगने के बाद दबोच लिया। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से दोनों घायल हो गए। इस मामले में शामिल दो बाल अपचारियों को भी कॉम्बिंग के दौरान पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार, चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच जारी है।

17 मई को दीपक की चाकू मारकर हत्या

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि 17 मई 2026 को चोटपुर कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय दीपक की हत्या हो गई थी। उस पर पैसों के विवाद के चलते आरोपियों ने चाकू से हमला किया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान दीपक की मौत हो गई। इस घटना के बाद थाना सेक्टर-63 में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी गई।

चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी

पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार इलाके में छापेमारी और चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी देर रात बहलोलपुर अंडरपास से एफएनजी रोड की ओर ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की।

आरोपियों ने पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस टीम ने तुरंत उनका पीछा शुरू किया। आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए। घायल आरोपियों की पहचान अमन और संदीप कुमार के रूप में हुई है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना में शामिल दो अन्य बाल अपचारियों को कॉम्बिंग अभियान के दौरान पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से तीन अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस, एक चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस अब आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article