शहर

बंगाल-असम में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद कालीबाड़ी मंदिर पहुंचे नितिन नबीन;कह दी बड़ी बात

भाजपा ने विधानसभा चुनाव परिणामों में इतिहास रच दिया। बीते दिन पांच राज्यों के आए चुनाव परिणामों में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में पहली बार और असम में लगातार तीसरी बार जीत हासिल की।

Image

नितिन नबीन पहुंचे कालीबाड़ी मंदिर। (ANI)

पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली और ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा खेमे में जश्न का माहौल है। देश भर में भाजपाशासित राज्यों में पार्टी समर्थक मिठाइयां बांट रहे हैं और बधाइयां दे रहे हैं। इस बीच,भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पार्टी सांसद बंसुरी स्वराज, पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा और अन्य लोगों के साथ दिल्ली के सीआर पार्क स्थित काली बारी मंदिर में पूजा-अर्चना की।

इस दौरान उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल की संस्कृति और विरासत को और आगे बढ़ाया जा सकता है,साथ ही उन्होंने सभी राज्यों में शांति और समृद्धि की कामना की। पत्रकारों से बात करते हुए नबीन ने कहा कि मैं पश्चिम बंगाल और उन सभी राज्यों के लोगों को बधाई देता हूं जहां चुनाव हुए। मां काली और मां कामाख्या की भूमि में विजय के लिए मैं यहां मां काली के समक्ष प्रार्थना करने आया हूं।

भाजपा ने रचा इतिहास

इससे एक दिन पहले, भाजपा ने बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों में इतिहास रच दिया। बीते दिन पांच राज्यों के आए चुनाव परिणामों में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में पहली बार और असम में लगातार तीसरी बार जीत हासिल की।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार,भाजपा ने विधानसभा की 293 सीटों में से 207 सीटें हासिल की हैं,जबकि टीएमसी ने 80 सीटें जीती हैं। वहीं, एक सीट फालता पर 21 मई को दोबारा मतदान के बाद 25 मई को मतगणना होगी। हालांकि भाजपा की प्रचंड जीत के बाद यह महज औपचारिकता भर है, क्योंकि भगवा दल पहले ही बहुमत हासिल कर चुका है।

असम में भाजपा की प्रचंड जीत

वहीं, असम में भाजपा ने 82 सीटें जीतकर बहुमत के आंकड़े (64) को 18 सीटों से पार कर लिया। उसके क्षेत्रीय सहयोगी दलों, असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 10-10 सीटें हासिल कीं। वहीं, कांग्रेस ने पांच अन्य दलों के साथ गठबंधन करने के बावजूद केवल 19 सीटें ही जीतीं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article