शहर

महाराष्ट्र के अभी भी 290 पर्यटक नेपाल में फंसे, 60 से नहीं हो पा रहा संपर्क; काठमांडू से शनिवार को उड़ान भरेगा विमान

नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ ने वहां फंसे महाराष्ट्र के पर्यटकों और श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। महाराष्ट्र के 395 लोगों के नेपाल में होने की पुष्टि हुई है, जिनमें 290 लोग सुरक्षित हैं, लेकिन अलग-अलग इलाकों में फंसे हुए हैं। वहीं, 60 पर्यटकों से अब तक संपर्क नहीं हो पाया है, जबकि 105 लोग भारत लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।

Image

नेपाल में बाढ़ के बाद के हालात (फोटो- पीटीआई)

Photo : PTI

Maharashtra News: अचानक आई बाढ़ के बाद नेपाल के विभिन्न हिस्सों में महाराष्ट्र के लगभग 290 लोग फंसे हुए हैं, लेकिन उनके सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है, जबकि 60 पर्यटकों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। राज्य सरकार के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा, त्रासदी के समय नेपाल में मौजूद महाराष्ट्र के 105 लोग भारत लौट रहे हैं।

60 लोगों से नहीं हो पा रहा संपर्क

अधिकारी ने कहा कि मुंबई के 'रिचा टूर्स प्राइवेट लिमिटेड' द्वारा आयोजित नेपाल यात्रा पर गए राज्य के 60 लोगों से संपर्क नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया, "अब तक महाराष्ट्र के 395 लोगों के नेपाल में फंसे होने की पुष्टि हुई है। इनमें से 105 लोग भारत लौटने के लिए रास्ते में हैं, जबकि हमारे नियंत्रण कक्ष ने बाकी 290 लोगों से संपर्क स्थापित कर लिया है। ये सभी सुरक्षित हैं, लेकिन नेपाल के विभिन्न हिस्सों में फंसे हुए हैं।"

बाढ़ से मचा हाहाकार

गौरतलब है कि बुधवार को तिब्बत की सीमा से लगे रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। इसमें सैकड़ों लोगों की मौत हो गई और बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी करने के बाद नेपाल में अचानक आई बाढ़ के कारण तिब्बत में फंसे महाराष्ट्र के 37 श्रद्धालु मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हस्तक्षेप के बाद शुक्रवार सुबह काठमांडू के लिए रवाना हो गए।

29 अगस्त को होगी काठमांडू से वापसी

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार ठाणे, पुणे, रायगढ़, अलीबाग और डोंबिवली के श्रद्धालुओं का यह समूह सुबह लगभग छह बजे सागा, तिब्बत से नायलम जांच चौकी के रास्ते रवाना हुआ और सुरक्षित रूप से नेपाल की राजधानी की ओर बढ़ रहा है। सीएमओ के बयान में कहा गया कि उनकी काठमांडू से वापसी की उड़ान 29 अगस्त को दोपहर दो बजे निर्धारित है, इसलिए समय पर राजधानी पहुंचना उनके लिए बेहद जरूरी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article