शहर

देश के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो”, NEET Paper Leak लीक के खिलाफ कांग्रेस का गुस्सा फूटा; रखी बड़ी डिमांड

NEET Paper Leak 2026 : मध्य प्रदेश के अशोनगर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मशाल जुलूश निकाला। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Image

अशोनगर नीट प्रदर्शन

NEET Paper Leak 2026 : नीट पेपर लीक को लेकर देशभर में छात्रों के साथ कई संगठन और राजनीतिक पार्टियां विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश में नीट परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। शनिवार देर रात जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में शहर में मशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस सदस्य और छात्र शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मशाल जुलूस के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पेपर लीक होना लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उनका कहना था कि छात्र वर्षों तक कठिन मेहनत कर परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत और सपनों पर पानी फेर देती हैं। अशोकनगर विधायक हरीबाबू राय ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही है, जिसके कारण युवाओं में निराशा और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन लगातार बढ़ रहे हैं। राजस्थान के सीकर, जयपुर और कोटा समेत कई शहरों में छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों ने प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। बिहार और दिल्ली में भी छात्रों ने सड़कों पर उतरकर परीक्षा रद्द करने और दोबारा परीक्षा कराने की मांग की। कई छात्र संगठनों ने आरोप लगाया कि पेपर लीक माफिया शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर रहे हैं और सरकार इस पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है।

उधर, मामले की जांच अब केंद्रीय एजेंसियों तक पहुंच चुकी है। सीबीआई और अन्य जांच एजेंसियां पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं। अब तक कई संदिग्धों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कुछ कोचिंग संस्थानों और दलालों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। विपक्ष लगातार सरकार पर हमला बोल रहा है और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग कर रहा है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article