शहर

नवसारी में युद्धस्तर पर सड़कों का मरम्मत अभियान; शिकायत दर्ज करने के लिए वॉट्सऐप हेल्पलाइन की शुरुआत

वर्तमान मानसून में भारी वर्षा के कारण गुजरात भर में सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के निर्देशन में नवसारी महानगर पालिका ने सड़क मरम्मत और नागरिक सुविधाओं की बहाली हेतु कई त्वरित पहल की हैं। इसके तहत शिकायत निवारण, पैच वर्क और रोड डिमांड जैसे अत्याधुनिक फीचर शुरू किए गए हैं।

Image

नवसारी में मानसून सड़क मरम्मत अभियान

Photo : Times Now Digital

Gandhinagar News: वर्तमान मानसून सीजन में गुजरात के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा के कारण कई सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के निर्देशन में सड़क एवं भवन विभाग ने महानगर पालिकाओं और नगर पालिकाओं को इन क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की तुरंत मरम्मत के सख्त निर्देश जारी किए हैं। इस दिशा में पूरे राज्य में युद्धस्तर पर कार्य जारी है। इसी अभियान के तहत नवसारी महानगर पालिका ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन और आयुक्त श्री देव चौधरी के नेतृत्व में नवसारी में नागरिक सुविधाओं की शीघ्र बहाली और सड़क संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु महत्वपूर्ण पहल की है।

लोकेशन और फोटो से शिकायत दर्ज

8 जुलाई 2025 को व्यापक शिकायत निवारण प्रणाली (कॉम्प्रिहेंसिव कंप्लेंट रिड्रेसल सिस्टम) के तहत एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत नागरिक अब अपने क्षेत्र की सड़कों की खराब स्थिति या गड्ढों की समस्या की तत्काल शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए वॉट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 87992 23046 जारी किया गया है, जिस पर नागरिक अपनी लोकेशन और फोटो भेजकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

पैच वर्क का कार्य जारी

इस व्यवस्था के लागू होने के बाद प्रतिदिन औसतन 80 शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। महानगर पालिका द्वारा इनमें से लगभग 85 प्रतिशत शिकायतों का समाधान उसी दिन कर दिया जाता है, जबकि शेष शिकायतों का निपटारा 24 घंटे के भीतर किया जा रहा है। बारिश नहीं होने की स्थिति में नियमित रूप से डामर और कोल्ड मिक्स की मदद से पैच वर्क का कार्य किया जा रहा है, ताकि गड्ढों को जल्दी से भरा जा सके और नागरिकों को सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके। इस कार्य को गति देने के लिए एक विशेष मोबाइल टीम भी गठित की गई है।

रोड डिमांड रिक्वेस्ट का फीचर

जनता की प्रतिक्रियाओं को अधिक प्रभावी ढंग से संकलित और संबोधित करने के उद्देश्य से नवसारी महानगर पालिका (एनएमसी) ने 9 जुलाई, 2025 को अपने एनएमसी कनेक्ट ऐप में रोड डिमांड रिक्वेस्ट नामक एक नया फीचर जोड़ा है। इस सुविधा के माध्यम से नागरिक अपने क्षेत्र में सड़क निर्माण या मरम्मत की मांग को सरलता से दर्ज कर सकते हैं। यह जानकारी सीधे कॉम्प्रिहेंसिव कंप्लेंट रिड्रेसल सिस्टम पोर्टल से जुड़ी होती है, जिससे शिकायत की तत्काल समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही शुरू की जा सकती है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article