शहर

चलती नमो भारत ट्रेन में युवक-युवती का आपत्तिजनक Video Viral, घटना पर क्या बोला NCRTC

दिल्ली-मेरठ के बीच चलने वाली नमो भारत ट्रेन में एक युवक और युवती के कथित आपत्तिजनक व्यवहार का वीडियो सामने आया, जिससे सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा और शालीनता पर सवाल उठे। मामले की जांच उत्तर प्रदेश पुलिस और NCRTC ने शुरू की है, हालांकि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है।

Image

आपत्तिजनक घटना पर जांच कर रहा NCRTC (सांकेतिक तस्वीर | PTI)

Photo : PTI

Namo Bharat Viral Video: दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS), जिसे नमो भारत भी कहा जाता है, चर्चा में है लेकिन इस बार इसका कारण एक CCTV वीडियो है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक और युवती को चलती नमो भारत ट्रेन के अंदर कथित तौर पर आपत्तिजनक व्यवहार करते हुए देखा जा सकता है। यह घटना 24 नवंबर को मोदीनगर और मेरठ के बीच की बताई जा रही है, जिसने सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा और शालीनता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

NCRTC और पुलिस ने शुरू की जांच

मामले के सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस और नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने जांच के संकेत दिए हैं। NCRTC के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक किसी भी यात्री की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, इसी वजह से फिलहाल पुलिस में FIR नहीं दी गई। हालांकि, भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत किया जा रहा है।

निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद यात्रियों के बीच नाराजगी भी देखने को मिली। एक यात्री ने कहा कि नमो भारत को अत्याधुनिक निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था वाला बताया जाता है, ऐसे में इस तरह की घटना का सामने आना चिंता का विषय है। उनका कहना है कि इन ट्रेनों में परिवार और बच्चे भी सफर करते हैं, इसलिए ऐसी हरकतों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि यह दूसरों के लिए नजीर बन सके।

नियमों के तहत पुलिस कार्रवाई ही विकल्प

NCRTC अधिकारियों के अनुसार, संस्था के पास सीधे तौर पर ऐसे मामलों में दंड देने का अधिकार नहीं है। सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय आचरण से जुड़े मामलों में नियमानुसार पुलिस को सूचित किया जाता है और कानूनी कार्रवाई संबंधित धाराओं के तहत की जाती है। फिलहाल, वायरल वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की जांच की जा रही है, जबकि RRTS मैनेजमेंट ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त कदम उठाने की बात कही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article