Nalanda Crime: बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए नालंदा पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर वेना थाना क्षेत्र के रेलवे यार्ड के पास छापेमारी कर अवैध शराब के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो मिनी ट्रक और एक लग्जरी XUV कार जब्त की है, जिनमें बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब यार्ड के पास संदिग्ध हालत में खड़े वाहनों की गहन तलाशी ली गई, तो उनके अंदर से करीब 3100 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद की गई कुल 5,447 बोतलों में विभिन्न नामचीन ब्रांड्स की व्हिस्की और बीयर शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में शराब की मौजूदगी से साफ है कि तस्कर क्षेत्र में आपूर्ति की एक बड़ी साजिश रच रहे थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: Banda Gobar Dispute Murder: गोबर विवाद ने उजाड़ा परिवार! जेठ-देवर ने महिला को कुल्हाड़ी से काटा, पति-बेटा भी लहूलुहान
कार्रवाई के बाद पुलिस जांच में जुटी
मामले की जानकारी देते हुए सदर डीएसपी अमरनाथ ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस टीम की छापेमारी से पहले ही आरोपी मौके से भागने में सफल रहे, जिससे फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। हालांकि, पुलिस ने वाहनों को जब्त कर लिया है और गाड़ियों के नंबर व अन्य सुरागों के आधार पर तस्करों व सप्लायरों की पहचान की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की योजना थी।
एक और कार्रवाई में 206 लीटर विदेशी शराब बरामद
इसी अभियान के तहत एक अन्य कार्रवाई में कल्याणबिगहा थाना पुलिस ने भी बरुणतल के पास से 206 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। नालंदा पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से इलाके के शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी से जुड़े पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए छापेमारी आगे भी जारी रहेगी।
