Nagpur Factory Blast: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में रविवार को विस्फोटक पदार्थ बनाने वाली फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि घायलों को तत्काल नागपुर शिफ्ट किया कर दिया गया है।
मुआवजे का ऐलान
महाराष्ट्र सरकार ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने घोषणा की कि विस्फोटक फैक्ट्री में जान गंवाने वालों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही संबंधित कंपनी भी मृतकों के परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करेगी।
घटना की जांच के आदेश
मुख्यमंत्री फडणवीस ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''घटनास्थल पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौजूद हैं। इस हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई है। मैं दिवंगतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस घटना में 18 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नागपुर भेजा गया है। पूरे मामले की गहन जांच के आदेश दे दिए गए हैं।''
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई एक-एक बात
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि मैं जितने लोगों को निकाल सकता था, निकालने की कोशिश की... हमने प्राइवेट गाड़ियां बुलाईं, कंपनी की महज एक ही एंबुलेंस थी... आग नहीं, मेन पॉवर पर ब्लास्ट हुआ... मैंने 10, जबकि मेरे दोस्त ने 4 शव निकाले... यह एक सेल प्लांट था... जहां पर महिलाएं काम करती थीं...
क्या है पूरा मामला?
एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि यह घटना कंपनी की डेटोनेटर पैकिंग इकाई में सुबह सात बजे से सवा सात बजे के बीच हुई। कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान जारी है और वे जल्द ही एक बयान जारी करेंगे। पुलिस ने बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद घायलों को नागपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला कलेक्टर विपिन इटांकर और पुलिस अधीक्षक हर्ष पोदार घटनास्थल पर मौजूद थे।
