Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां आर्थिक तंगी से परेशान एक पिता ने अपने 5 बच्चों के साथ फांसी लगा ली। इस घटना में पिता और उसकी 3 बेटियों की मौत हो गई। वहीं 2 बेटों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पेशे से मजदूर था मृतक
यह घटना सकरा थाना क्षेत्र के नवलपुर मिश्रौलिया गांव की है। मृतक की पहचान अमरनाथ राम और उसकी तीन बेटियों अनुराधा, शिवानी व राधिका के तौर पर हुई। बच्चियों की उम्र 8 से 14 साल के बीच बताई जा रही है। मृतक के चाचा सीताराम ने बताया कि अमरनाथ राम अपने परिवार को पालने के लिए मजदूरी करता था। उसकी पत्नी का निधन भी कुछ समय पहले ही हुआ। जिसके बाद से पूरे परिवार की जिम्मेदारी वह अकेले संभाल रहा था।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
बताया जा रहा है कि परिवार पर आर्थिक बोझ और बढ़ती जिम्मेदारियों ने अमरनाथ को मानसिक रूप से काफी तोड़ दिया था। जिसके कारण उसने परिवार के साथ आत्महत्या करने की कोशिश की। जिसमें अमरनाथ समेत 4 सदस्यों की मौत हो गई। लेकिन उसके दो बेटे गंभीर अवस्था में मिले, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
