शहर

Mumbai-Pune Expressway: भूस्खलन के बाद 'मिसिंग लिंक' पर यातायात बहाल, 18 घंटे बाद खुला मार्ग

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के 'मिसिंग लिंक' बाइपास पर भूस्खलन के बाद बंद हुई मुंबई की ओर जाने वाली लेन 18 घंटे बाद फिर से खोल दी गई। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद दो लेन पर यातायात बहाल कर दिया गया, जबकि एक लेन अब भी बंद है।

Image

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का 'मिसिंग लिंक' मार्ग फिर खुला

Photo : Times Now Digital

Mumbai-Pune Expressway Update: भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के ’मिसिंग लिंक’ बाइपास खंड के मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग को 18 घंटे से अधिक समय तक बंद रहने के बाद सोमवार रात यातायात के लिए फिर से खोल दिया गया। महाराष्ट्र राज्य पथ विकास निगम (एमएसआरडीसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का सुरक्षा निरीक्षण पूरा किया गया। जिसके बाद रात 10 बजकर 10 मिनट पर एक्सप्रेसवे पर यातायात बहाल कर दिया गया।

मिसिंग लिंक की एक लेन अब भी बंद

रविवार देर रात हुई भारी बारिश के कारण सोमवार तड़के करीब चार बजे सह्याद्रि पर्वतमाला के बीच स्थित ’मिसिंग लिंक’ के सबसे लंबे टनल-2 के निकास द्वार के पास भूस्खलन हो गया था। इसके बाद मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया था। अधिकारी ने बताया, "पुणे से मुंबई जाने वाले मार्ग की बाईं ओर की दो लेन रात 10:10 बजे से यातायात के लिए खोल दी गई हैं। हालांकि, दाईं लेन अब भी बंद है, क्योंकि पहाड़ी के ऊपर से सड़क पर पानी आ रहा है। पहाड़ी पर बनी जल निकासी प्रणाली के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।"

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'कनेक्टिंग लिंक' पर यातायात फिर से शुरू कर दिया गया है। वाहनों की आवाजाही बहाल हो गई है। सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। सभी लोग सुरक्षित रहें। वहीं, एमएसआरडीसी ने भी ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि लगातार भारी बारिश, तेज हवाओं और कम दृश्यता जैसी मानसून की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद निगम की टीमों ने लगातार काम किया, ताकि इस मार्ग को सुरक्षित रूप से यातायात के लिए फिर से खोला जा सके।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article