महाराष्ट्र में जारी मूसलाधार बारिश के बीच नासिक जिले में बादल फटने की आशंका जताई गई है। जिसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्थिति पर नजर बनाए रखने और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर त्र्यंबकेश्वर मंदिर में दर्शन पर रोक लगा दी है और सभी स्कूल-कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया है।
रात 1 बजे से सुबह 10 बजे तक चेतावनी जारी
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री गिरीश महाजन ने स्थिति की गंभीरता को बताते हुए कहा कि नासिक में बादल फटने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग की ओर से रात 1 बजे से मंगलवार सुबह 10 बजे तक अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। उन्होंने कहा कि संभावित बादल फटने जैसी स्थिति को देखते हुए सभी जरूरी तैयारियां कर ली गई हैं।
प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट
गिरीश महाजन ने कहा कि जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (SP) समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनात कर दिया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
स्कूल-कॉलेज बंद, लोगों से घर में रहने की अपील
भारी बारिश और संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने त्र्यंबकेश्वर मंदिर में दर्शन अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे फिलहाल बेवजह यात्रा करने से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। सावधानी के तौर पर नासिक में स्कूल और कॉलेज आज बंद रखने का फैसला लिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें।
डीएम आयुष प्रसाद ने दी स्थिति की जानकारी
नासिक के जिलाधिकारी आयुष प्रसाद ने बताया कि जिले के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश हो रही है। सभी संवेदनशील इलाकों में पुलिस और राहत बल तैनात किए गए हैं। जिन स्थानों पर लोगों की सुरक्षा को खतरा महसूस किया गया, वहां से उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।
प्रशासन की लोगों से अपील
प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने, नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही यह भी कहा है कि केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही करें। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत एवं बचाव दल भी तैनात किए जाएंगे।
