मुंबई

मिलेगी भीषण ट्रैफिक जाम से मुक्ति, जनवरी तक पूरा हो जाएगा इस हाईवे का काम

ठाणे में घोडबंदर हाईवे का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है। कैबिनेट मंत्री प्रताप सरनाईक ने जानकारी दी कि यह परियोजना जनवरी 2026 तक पूरी हो जाएगी। इसके पूरा होने पर यात्रियों को जाम और डायवर्जन से राहत मिल जाएगी। साथ ही ठाणे में कई अन्य विकास परियोजनाएं भी तेज गति से आगे बढ़ रही हैं।

Image

ठाणे घोडबंदर हाईवे का काम जनवरी 2026 तक पूरा हो जाएगा

देश में सड़कों और हाईवे पर काफी तेजी से काम चल रहा है। महाराष्ट्र में भी ठाणे के प्रमुख घोडबंदर हाईवे पर इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। यह निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में है। इसका निर्माण कार्य जनवरी 2026 तक पूरा हो जाने की उम्मीद है। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री प्रताप सरनाईक ने ठाणे महानगरपालिका मुख्यालय में समीक्षा बैठक के बाद सोमवार को ही बताया कि इसका निर्माण कार्य जनवरी 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।

इस खास परियोजना के पूरा होने के बाद यात्रियों को लंबे समय से चली आ रही जाम और डायवर्जन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। बता दें कि ठाणे घोडबंदर हाईवे, ठाणे शहर को पार करते हुए राज्य की राजधानी मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों को जोड़ता है। पिछले कई महीनों से यहां मुख्य मार्गों को जोड़ने, सड़क को कंक्रीट से मजबूत बनाने और अन्य मरम्मत कार्यों के चलते लोगों को ट्रैफिक जान आर डायवर्जन से जूझन पड़ रहा था। यहां पर कई लेन बंद होने की वजह से मुंबई, नवी मुंबई, गुजरात और उत्तर महाराष्ट्र की तरफ जाने वाली गाड़ियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

सरनाईक ने जानकारी दी कि हाईवे के बचे हुए सारे काम कड़ी निगरानी में किए जा रहे हैं। गईमुख घाट सेक्शन पर रीसर्फेसिंग, सेवा सड़कों का विस्तार, पानी की नई पाइपलाइन बिछाना और बिजली की लाइनों को हटाना जैसे काम इसमें प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य जनवरी 2026 तक यात्रियों को एक सुगम और सुरक्षित सड़क उपलब्ध कराना है।

लोक निर्माण विभाग (PWD) इस परियोजना के पूरा होने के बाद हाईवे के पूरे हिस्से को ठाणे महानगरपालिका को सौंपने की प्रक्रिया में तेजी ला रहा है। दूसरी तरफ ट्रैफिक पुलिस और सिविक इंजीनियर मिलकर लेन बंदी व यातायात प्रबंधन पर समन्वय बनाए हुए हैं, ताकि अंतिम चरण में भी यहां से गुजरने वाले लोगों को कम से कम असुविधा का सामना करना पड़े।

हाईवे के अलावा भी ठाणे में कई अन्य सिविक विकास परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इनमें नागला बंदर क्रीक और मैंग्रोव पार्क का सौंदर्यीकरण, कासारवडवली और भायंदर पाड़ा में नए पार्कों का निर्माण, सामुदायिक हॉल और बाजारों का विकास, तथा बालासाहेब ठाकरे आर्ट गैलरी, आनंदीबाई जोशी अस्पताल और लता मंगेशकर संगीत विद्यालय जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

सरनाईक ने यह भी आश्वासन दिया कि इन सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा कर लिया जाएगा और नियमित समीक्षा बैठकें कर कार्य की गति को बनाए रखा जाएगा, ताकि ठाणे शहर का विकास सुचारू रूप से आगे बढ़ सके।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article