Baba Siddique Murder Case: बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में नया अपडेट सामने आया है। शूटर शिवकुमार गौतम ने क्राइम ब्रांच की पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। क्राइम ब्रांच की पूछताछ में शिवकुमार गौतम ने बताया है कि हत्या के बाद उसने शुभम लोनकर, जीशान अख्तर और अनुराग कश्यप को फोन किया और उनसे कम से कम 15 मिनट तक बात की थी।
शूटर ने किए नए खुलासे
क्राइम ब्रांच सूत्रों के अनुसार, शिवकुमार ने बताया कि 12 अक्टूबर को हत्या के कुछ घंटों बाद उसने शुभम लोनकर और जीशान अख्तर के कहने पर अपना फोन ठाणे स्टेशन के पास एक नाले में फेंक दिया था। क्राइम ब्रांच शिवकुमार गौतम को उस जगह ले भी ले गई थी, जहां शिवकुमार ने अपना फोन फेंका था। क्राइम ब्रांच शिवकुमार का फोन खोजने की कोशिश कर रही है।
किन-किन से फोन पर हुई बात?
वहीं, शिवकुमार ने पूछताछ में यह भी बताया की शुभम लोनकर ने शिवकुमार को ठाणे से पुणे जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में बैठाने के लिए कहा था। हत्या के बाद शुभम लोनकर को किए गए फोन के समय शुभम ने अनुराग कश्यप (शिवा के साथ गिरफ्तार किया गया आरोपी) को 'शूटर' के लिए आश्रय की व्यवस्था करने और उसे नेपाल भागने में मदद करने का निर्देश दिए थे।
मामले में अभी भी चल रही जांच
वहीं, क्राइम ब्रांच की जांच के दौरान रफीक शेख पुणे से गिरफ्तार किया गया था। उसके घर से 20 जिंदा कारतूस मिले हैं। इस मामले में क्राइम ब्रांच अभी तक 85 ज़िंदा कारतूस बरामद कर चुकी है। वहीं 5 पिस्टल भी क्राइम ब्रांच के कब्जे में है। वहीं, मामले में शूटर शिवकुमार गौतम द्वारा इस्तेमाल किया गया हथियार अभी भी क्राइम ब्रांच के हाथ नहीं लगा है।
