मुंबई

ठाणे में तेज रफ्तार का कहर; बेकाबू कार ने कई दो पहियां वाहनों को मारी टक्कर, 4 की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे में अंबरनाथ इलाके के पुल पर एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बेकाबू कार के कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर मौत हो गई और 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुटी हुई है।

Image

ठाणे में बेकाबू कार ने मचाई तबाही

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Thane Road Accident: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ने वाले फ्लाईओवर पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया है, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई है। अंबरनाथ पश्चिम से पूर्व की ओर जा रही एक तेज रफ्तार टाटा नेक्सन कार अचानक अनियंत्रित हो गई और विपरीत दिशा से आ रहे कई दोपहिया वाहनों को टकरा गई। इस भीषण टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें तीन बाइक सवार और कार का चालक शामिल है।

हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वाहनों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बाइक सवार फ्लाईओवर से उछलकर नीचे जा गिरा और उसकी वहीं मौत हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरा में रिकॉर्ड हो गई है।

विपरीत लेन में घुसी कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर

अंबरनाथ पुलिस के अनुसार, जब चालक ने नियंत्रण खोया, उस दौरान कार बहुत तेज रफ्तार से चल रही थी। अनियंत्रित होने के कारण कार विपरीत लेन में घुसकर सामने से आ रही बाइकों से टकरा गई। जानकारी के अनुसार यह कार स्थानीय शिवसेना (शिंदे गुट) नेता प्रमोद चौबे के नाम पर पंजीकृत है और दुर्घटना के समय उनकी पत्नी सुमन चौबे गाड़ी में मौजूद थी।

सुमन चौबे, जो नगर परिषद चुनाव के लिए प्रचार करने बुआपाड़ा जा रही थी, इस हादसे में घायल हो गई हैं और उन्हें स्थानीय लोगों द्वारा शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया। सुमन चौबे ने पुलिस को दिए बयान में आशंका जताई है कि चालक को अचानक दिल का दौरा पड़ा होगा, जिसके चलते उसने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया। हालांकि, कुछ निवासियों ने चालक के नशे में होने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने फिलहाल दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुटी हुई है।

मृतकों और घायलों की पहचान जारी

इस दर्दनाक हादसे के बाद, मृतकों के शवों को उल्हासनगर केंद्रीय अस्पताल भेजा गया है, जबकि घायल लोगों को इलाज के लिए उल्हासनगर और डोंबिवली के विभिन्न अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों और कार चालक की स्थिति की गहराई से जांच कर रही है। दुर्घटना के सही कारण की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस ने यह भी बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया अभी जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article