मुंबई: भारतीय रेल लगातार देश को वंदे भारत ट्रेनों की सौगात दे रहा है। खासकर, दिल्ली से विभिन्न शहरों के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस संचालित हैं, लेकिन औद्योगिक नगरी मुंबई से उत्तर प्रदेश के बीच चलने वाले यात्रियों को इस ट्रेन के चलने का इंतजार है। हालांकि, कयास लगाए जा रहे हैं कि लोकसभा चुनाव से पहले यूपीवासियों की झोली में मुंबई-जौनपुर वंदे भारत की सौगात आ सकती है। पिछले दिनों महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री की मांग पर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने सैद्धांतिक सहमति देते हुए इस रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस को चलाने की मंजूरी दे दी थी। मुंबई से जौनपुर सिटी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने से प्रदेश के कई जिलों के यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से मिलेगी सहूलियत
आपको बता दें कि बड़ी संख्या उत्तर प्रदेश के लोग महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रोजगार के वास्ते जाते हैं। इस रूट पर कम गाड़ियों में ज्यादा लोग सफर करते हैं। कई एक्सप्रेस ट्रेनों की टिकटे लंबे समय तक कंफर्म नहीं होती हैं। लिहाजा, यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अभी मुंबई से उत्तर भारत की रेल यात्रा करना इतना आसान नहीं है। ऐसे में मुंबई से जौनपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया जाए तो इससे जौनपुर के साथ-साथ भदोही, प्रतापगढ़, सुलतानपुर और वाराणसी सहित आसपास के कई जिलों के रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। बताया गया कि जल्द ही वंदे भारत एक्सप्रेस को चलाने के लिए उसका रूट सर्वे होगा। रूट सर्वे में ट्रेन का ठहराव, रूट, टाइमिंग तय होगी। अभी जौनपुर सिटी नहीं, जौनपुर जंक्शन से ट्रेन है। वह भी सप्ताह में पांच दिन चलती है। यह ट्रेन अधिक समय भी लेती है।
यूपी को और मिल सकती हैं वंदे भारत
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि लखनऊ से मुंबई, पुरी, कटरा, मेरठ, देहरादून, पटना आदि के लिए वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत होने वाली है। यानी कि इसी साल यूपी को कम से कम छह नई वंदे भारत ट्रेनें मिलेंगी। इसमें से कई कम दूरी वाले रूट के लिए हैं तो कई पुरी, मुंबई, कटरा जैसे ज्यादा दूरी वाली ट्रेनें हैं। यदि ये ट्रेनें चलती हैं तो लखनऊवासियों के लिए बहुत बड़ी खुशखबरी होने वाली है। बता दें कि सबसे पहली वंदे भारत ट्रेन नई दिल्ली से वाराणसी के बीच शुरू की गई थी। यह ट्रेन वाया कानपुर होकर चलती है। हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद अब एक वंदे भारत यूपी में और दी गई है। यह ट्रेन लखनऊ से गोरखपुर के बीच चलती है, जोकि वाया अयोध्या, बस्ती होकर जाती है। गोरखपुर-लखनऊ- उत्तर प्रदेश की दूसरी सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस 380 किमी सफर की सबसे छोटी ट्रेन है। इसका किराया 1005 और 1700 रुपये रहने का अनुमान है। इस वंदे भारत की शुरुआत लखनऊ में शाम सवा सात बजे होती है और फिर यह ट्रेन अयोध्या रात में 9.13 मिनट पर पहुंचती है।
