मुंबई

Mumbai News: प्रॉपर्टी का ऐसा लालच कि अपनी मां का हत्यारा बन गया बेटा, ऐसे लगाई बॉडी ठिकाने

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 8, 2022, 02:57 PM IST

Mumbai Crime News: मुंबई में एक बेटे ने अपनी मां की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी है। आरोपी बेटा होम ट्यूशन देता है। मां और बेटे के बीच संपत्ति विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसने हत्या को अंजाम दिया। मां की हत्या करने के बाद आरोपी ने अपने नौकर की मदद से शव को खाई में फेंक दिया।

Image

बेटे ने की मां की हत्या

KEY HIGHLIGHTS
  • बेटे ने अपनी मां की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या की
  • मां और बेटे के बीच चल रहा था संपत्ति विवाद
  • नौकर की मदद से शव को खाई में फेंक दिया

Mumbai Crime News: 40 साल के एक बेटे ने अपनी 74 साल की मां की हत्या कर दी है। आरोपी बेटे ने मां की हत्या करने के बाद उसके शव को नौकर की मदद से नेरल-माथेरान के पास एक सुनसान खाई में फेंक दिया था। जुहू पुलिस ने आरोपी बेटे और उसके नौकर को गिरफ्तार कर लिया है। मृत महिला की पहचान 74 वर्षीय बीना कपूर के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया है कि, उसका शव नेरल-माथेरान रोड क्षेत्र में मिला। पुलिस के अनुसार, मृतका और उसका 40 वर्षीय बेटा सचिन, जो अविवाहित है, दोनों साथ में रहते थे। मां-बेटे के बीच संपत्ति को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। गुस्सा बढ़ने पर सचिन ने मां को बेसबॉल के बल्ले से पीटा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

कथित हत्या के बाद उसने और नौकर छोटू मंडल ने शव को कार में बांधकर डाल दिया और रायगढ़ जिले के एक जंगली इलाके में फेंक दिया। पुलिस का कहना है कि, आरोपी बेटा एक टीचर है और बच्चों को होम ट्यूशन देता है। मंगलवार सुबह 6 से 7 बजे के बीच जुहू के गुलमोहर रोड क्षेत्र में रहने वाली बीना और सचिन में जमकर मारपीट हुई थी।

ऐसे हुए घटना का खुलासा

पुलिस ने बताया है कि, मंगलवार करीब 9 बजे, सचिन और छोटू मंडल, बीना के शव को बांधकर कार में ले गए, जब उन्हें बिल्डिंग के सुरक्षा गार्ड ने रोकर पूछा कि, वह क्या ले जा रहे हैं। उन्होंने उसे बताया कि, वह कुछ घरेलू सामान दूसरे फ्लैट में लेकर जा रहे हैं। हत्या का पता तब चला जब अमेरिका में रहने वाले मृतक बीना के बड़े बेटे नवीन ने अपनी मां से बात करने के लिए फोन किया और पाया कि उनका फोन कोई नहीं उठा रहा है। उसने फिर अपने छोटे भाई सचिन को फोन किया और उसकी ओर से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे नवीन ने कुछ जानकारी मिलने की उम्मीद में बिल्डिंग के चौकीदार को फोन किया लेकिन वह भी उसका फोन नहीं उठा सका। ऐसे में नवीन काफी चिंतित हो गया और उसने जुहू पुलिस स्टेशन को फोन किया और उनसे अनुरोध किया कि, वह जाकर उसके परिवार की जांच करें।

पुलिस ने आरोपी को किया फोन

जुहू पुलिस की एक टीम बिल्डिंग में पहुंची और बिल्डिंग के सुरक्षाकर्मियों से मां-बेटे के बारे में पूछताछ की। जब वह परिवार की 7वीं मंजिल पर गए तो उन्हें ताला लगा मिला। इसके बाद पुलिस ने बीना और सचिन के फोन पर कॉल करने की कोशिश की लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उनके सेल टावर की लोकेशन चेक करने पर पुलिस को पता चला कि, बीना का फोन घर के अंदर था, जबकि सचिन का सेल फोन पनवेल के करीब था। इसके बाद जुहू पुलिस ने फ्लैट का ताला तोड़ा। हालांकि, उन्हें घर के अंदर कुछ भी गलत नहीं लगा। इसके बाद, पुलिस ने बिल्डिंग के सुपरवाइजर जावेद मपरी के बयान के आधार पर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की।

शव की तलाश में जुटी पुलिस

जुहू पुलिस ने बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी के फुटेज की जांच की। पुलिस टीम ने सचिन कपूर और हाउस हेल्प छोटू को कुछ भारी सामान व्हीलचेयर पर फ्लैट से नीचे लाते और फिर गाड़ी में रखते हुए देखा। जिसके बाद पुलिस ने सचिन और छोटू को उसके दूसरे अपार्टमेंट में ट्रैक कर हिरासत में ले लिया। लगातार पूछताछ में, सचिन ने खुलासा किया कि, कैसे उसने कथित तौर पर अपनी बुजुर्ग मां की हत्या कर दी और कैसे उसने कथित तौर पर नेरल-माथेरान रोड के किनारे एक ढलान से शव को फेंक दिया। जुहू पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अजीत कुमार वर्तक ने कहा कि, पुलिसकर्मियों की एक टीम सचिन को उस जगह पर ले गई थी जहां उसने अपनी मां के शव को फेंका था और उन्होंने शव का पता लगा लिया, लेकिन शव गहरी खाई में गिरा था इसलिए उसको निकालने में काफी समय लग रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article