मुंबई

Mumbai: बढ़ते प्रदूषण के बीच BMC और MPCB के सख्त कदम; 32 मॉनिटरिंग स्टेशन और 22 मोबाइल वैन सक्रिय

मुंबई में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए BMC और MPCB सख्त कदम उठा रही हैं। शहर में 19 RMC प्लांट बंद किए गए हैं और प्रदूषण नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों को चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही, MMR में 32 एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन और 22 मोबाइल वैन के जरिए हवा की लगातार निगरानी की जा रही है।

Image

मुंबई में पॉल्यूशन बढ़ने पर BMC और MPCB ने कड़े कदम उठाए (फोटो: PTI)

Photo : PTI

Mumbai News: मुंबई की सुबह आज भी पिछले दिनों की तरह घने कोहरे और धुंध से ढकी रही। जैसे-जैसे दिसंबर आगे बढ़ रहा है, शहर की हवा में प्रदूषण और हानिकारक कणों की मात्रा लगातार बढ़ती जा रही है। बढ़ता एयर क्वालिटी इंडेक्स साफ संकेत देता है कि मुंबई की हवा अब सामान्य नहीं रही। लगातार चल रहे निर्माण कार्य, भारी ट्रैफिक और ठंडी स्थिर हवाओं ने मिलकर ऐसी स्थिति पैदा कर दी है, जिसमें सांस लेने से पहले सतर्क रहना जरूरी हो गया है। विशेषज्ञों की चेतावनी है कि यदि परिस्थितियों में सुधार नहीं हुआ, तो मुंबई भी उन शहरों में शामिल हो सकती है, जहां सर्दियों के दौरान हवा खतरनाक स्तर तक प्रदूषित हो जाती है।

BMC-MPCB उठा रही सख्त कदम

हालांकि, मुंबई में बढ़ते प्रदूषण और खराब हवा की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए BMC लगातार कड़े कदम उठा रही है। इसी क्रम में, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (MPCB) ने मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में एयर पॉल्यूशन को कम करने के लिए 19 रेडी मिक्स कंक्रीट (RMC) प्लांट बंद कर दिए हैं। MPCB ने उन उद्योगों को भी चेतावनी दी है जो एयर पॉल्यूशन कंट्रोल नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।

32 एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन

मुंबई महानगरीय क्षेत्र (MMR) में MPCB के कुल 32 कंटीन्यूअस एम्बिएंट एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन हैं, जिनमें से 14 स्टेशन मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन क्षेत्र में स्थित हैं, जबकि बाकी ठाणे, कल्याण, नवी मुंबई और पनवेल क्षेत्रों में हैं। इन मॉनिटरिंग स्टेशनों के जरिए एम्बिएंट एयर क्वालिटी इंडेक्स मापा जाता है और डेटा नियमित रूप से सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की वेबसाइट पर “समीर” ऐप के माध्यम से अपलोड किया जाता है। इसके अलावा, बोर्ड के पास एयर क्वालिटी को लगातार मॉनिटर करने के लिए 22 मोबाइल मॉनिटरिंग वैन भी चल रही हैं।

कैसा है शहर का AQI?

ताजा रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई का कुल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 277 रहा, जो हानिकारक श्रेणी में आता है। हवा में पीएम 2.5 का स्तर 118 मापा गया, जिसे अस्वस्थ माना जाता है, जबकि पीएम 10 का स्तर 151 दर्ज किया गया, जो भी अस्वस्थ श्रेणी में शामिल है। ये आंकड़े साफ दिखाते हैं कि मुंबई की हवा न केवल सामान्य लोगों के लिए बल्कि संवेदनशील समूहों के लिए भी खतरे का संकेत देती है। जब AQI 200 से 300 के बीच होता है, तो लोग सांस संबंधी परेशानियों का सामना कर सकते हैं, खासकर यदि यह प्रदूषण कई घंटों या लगातार दिनों तक बना रहे।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article