Nursery Admission Age In Maharashtra: महाराष्ट्र के स्कूलों में अब तीन साल से कम उम्र के बच्चों को स्कूल में एडमिशन नहीं मिलेगा। अगले शैक्षणिक साल से नर्सरी क्लास में एडमिशन लेने वाले बच्चों की न्यूनतम उम्र तीन साल होने वाली है। इस नियम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अभी कई स्कूलों में बच्चों को 2.5 साल या उससे कम उम्र में नर्सरी में प्रवेश मिल जाता है। जिसका कुछ शिक्षाविद् विरोध कर रहे हैं। नर्सरी में 2.5 की उम्र में एडमिशन लेने से बच्चे 5.5 की उम्र में ही क्लास 1 में आ जाते हैं। कम उम्र में स्कूल में दाखिला लेने से जिन बच्चों को प्लेग्रुप में होना चाहिए, वे नर्सरी की पढ़ाई कर रहे होते हैं।
महाराष्ट्र में इस नए नियम के लागू होने के बाद अगले शैक्षणिक साल से सिर्फ तीन साल की उम्र के बच्चे ही नर्सरी में एडमिशन पा सकेंगे। इस नियम से यह सुनिश्चित होगा कि महाराष्ट्र के स्कूलों में एडमिशन का मानदंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुसार ही है। इस नियम के अनुसार क्लास 1 में एडमिशन लेने वाले बच्चों की उम्र 6 साल होनी चाहिए। इसके लिए नर्सरी के बच्चों को 3 साल में एडमिशन लेना चाहिए। इस शैक्षणिक साल के लिए नर्सरी क्लास में बच्चों का एडमिशन पहले ही शुरू हो चुका है। इसलिए अगले शैक्षणिक साल में इस नियम के लागू होने की उम्मीद है।
शैक्षणिक वर्ष 2024-25 से लागू होगी नई नीति
राज्य निदेशक (प्राथमिक शिक्षा) शरद गोसावी ने कहा कि कि नर्सरी में प्रवेश पाने वाले बच्चों की नई आयु सीमा पर काम किया जा रहा है। जल्द ही इस संबंध में घोषणा की जाएगी और यह उम्र सीमा का नया नियम शैक्षणिक वर्ष 2024-25 से लागू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि नई नीति को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सहयोग से तैयार किया जा रहा है, जो आंगनबाड़ियों को भी संभालती है।
