मुंबई

महाराष्ट्र में शिंदे की शिवसेना बनी BJP की 'पर्मानेंट पार्टनर': कहा- साथ लड़ेंगे सारे चुनाव, राउत बोले- एकनाथ दिल्ली में 'मुजरा' करते हैं

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Jun 5, 2023, 12:08 PM IST

Maharashtra Politics: एकनाथ शिंद के नेतृत्व वाली शिवसेना की बीजेपी के साथ हालिया करीबी और फैसले को लेकर उद्धव गुट वाली शिवसेना को मिर्ची लगी है। सोमवार (पांच जून, 2023) को जब मीडिया ने उनसे इस बारे में सवाल किया तो पार्टी सांसद संजय राउत की ओर से बड़ी ही तीखी प्रतिक्रिया आई।

Image

केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी नेता अमित शाह से भेंट के दौरान महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे।

Photo : टाइम्स नाउ ब्यूरो

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में आने वाले सभी चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को सियासी साझेदार (पार्टनर) मिल गया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गुट वाली शिवसेना की ओर से फैसला लिया गया है कि वह और बीजेपी मिलकर आगामी लोकसभा चुनाव, विधानसभा चुनाव और स्थानीय निकाय चुनाव लड़ेंगे।

यह अहम निर्णय रविवार (चार जून, 2023) को दिल्ली में लिया गया। दरअसल, सूबे के सीएम शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस देश की राजधानी में इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के टॉप नेता अमित शाह से मिले थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेहद करीब माने जाने वाले शाह के साथ दोनों दिग्गजों की काफी देर तक बातचीत चली थी।

शिंदे ने बैठक के बाद माइक्रो ब्लॉगिंग मंच टि्वटर पर जानकारी दी- हमने यह तय किया है कि शिवसेना और बीजेपी संयुक्त रूप से आने वाले सभी चुनावों को लड़ेंगी, जिनमें आम चुनाव (लोकसभा चुनाव), विधानसभा चुनाव और स्थानीय निकाय चुनाव शामिल हैं।

इस बीच, उद्धव ठाकरे के गुट वाली शिवसेना के सीनियर नेता और पार्टी सांसद संजय राउत ने कहा है- पहले महाराष्ट्र में हाई कमान हुआ करती थी, पर अब शिंदे की हाई कमान दिल्ली में है। वह बालासाहब और शिवसेना की बात करते हैं, पर दिल्ली में जाकर "मुजरा" करते हैं। असल शिवसेना कभी भी किसी के आगे झुकी नहीं है। एक साल हो चुका है, मगर अभी तक कैबिनेट विस्तार नहीं हुआ है...यह दर्शाता है कि सरकार जा रही है।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article