मुंबई

Lok Sabha Chunav Phase 1 Voting Maharashtra: जानिए महाराष्ट्र में पहले चरण में किन उम्मीदवारों के बीच होगा महा मुकाबला

Lok Sabha Chunav Phase 1 Voting Ramtek, Nagpur, Bhandara - Gondiya, Gadchiroli - Chimur, Chandrapur: महाराष्ट्र में शुक्रवार यानी 19 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होना है। पहले चरण में पांच लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। आइए जानते हैं कि इन सीटों पर किन उम्मीदवारों के बीच महा मुकाबला होने वाला है।

Image

देखें महाराष्ट्र में किसके बीच है मुकाबला।

Photo : Times Now Digital

Lok Sabha Election 2024: देशभर में पहले चरण के मतदान के लिए 102 लोकसभा सीटों पर बुधवार को प्रचार-प्रसार थम गया। आइए जानते हैं कि महाराष्ट्र (Maharashtra Lok Sabha Seats) में पहले चरण में किन लोकसभा सीटों पर चुनाव होना है और उन सीटों पर किसके-किसके बीच मुकाबला है। बता दें कि महाराष्ट्र में कुल पांच चरणों में लोकसभा चुनाव होंगे और पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल यानी शुक्रवार को होना है। महाराष्ट्र में पहले चरण में पांच लोकसभा सीटों पर मतदान होना है। इन पांच लोकसभा सीटों में रामटेक (Ramtek), नागपुर (Nagpur), भंडारा-गोंदिया (Bhandara-Gondiya), गढ़चिरौली-चिमूर (Gadchiroli-Chimur) और चंद्रपुर (Chandrapur) शामिल हैं, जहां 19 अप्रैल को मतदान है। इन सभी सीटों पर 19 अप्रैल सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा।

रामटेक (Ramtek) लोकसभा सीट

रामटेक लोकसभा सीट महाराष्ट्र के 48 लोकसभा सीटों में से एक है। रामटेक लोकसभा सीट पहली लोकसभा चुनाव के दौरान अमरावती पश्चिम का हिस्सा था। वर्ष 1957 में अमरावती पश्चिम लोकसभा सीट से रामटेक को अलग किया गया था। रामटेक लोकसभा सीट के तहत छह विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। महाराष्ट्र के रामटेक लोकसभा सीट पर इस बार काफी दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा, क्योंकि इस सीट पर इस बार दोनों मुख्य प्रत्याशी नए हैं। रामटेक लोकसभा सीट पर पिछले चुनाव में कृपाल तुमाने (शिवसेना) को 5,94,827 वोट मिले थे और वह इस सीट पर जीत दर्ज किए थे। वहीं, दूसरे स्थान पर कांग्रेस के किशोर उत्तमराव गजभिये रहे थे, जिन्हें 4,68,738 मत प्राप्त हुए थे। इस बार इस लोकसभा सीट से कांग्रेस से शिवसेना (शिंदे गुट) में आए विधायक राजू पारवे और कांग्रेस के श्यामराव बर्वे के बीच मुकाबला माना जा रहा है। इस सीट पर पीएम मोदी ने एक सभा को संबोधित किया था।

प्रमुख उम्मीदवार

  • राजू पारवे- शिवसेना (शिंदे गुट)/NDA
  • श्यामराव बर्वे- कांग्रेस/ INDIA
  • किशोर उत्तमराव गजभिये- VBA Party
यह भी पढ़ेंः लोकसभा चुनाव 2024: पहले चरण में किस पार्टी में कितने करोड़पति, नंबर 1 पर काबिज उम्मीदवार का नाम चौंका देगा

नागपुर (Nagpur) लोकसभा सीट

महाराष्ट्र का नागपुर लोकसभा सीट काफी हॉट सीट माना जाता है। नागपुर लोकसभा सीट के तहत नागपुर दक्षिण पश्चिम, नागपुर दक्षिण, नागपुर पूर्व, नागपुर सेंट्रल, नागपुर पश्चिम और नागपुर उत्तर विधानसभा सीटें शामिल हैं। यह सीट 1951 से ही अस्तित्व में है। पिछले चुनाव (2019) में भाजपा के नितिन गडकरी ने कांग्रेस के नानाभाऊ पटोले को इस सीट पर करारी शिकस्त दी थी। नितिन गडकरी को 6,60,221 वोट मिले थे और नानाभाऊ पटोले को 4,44,212 मत प्राप्त हुए थे। साथ ही 2014 में भी नितिन गडकरी को यहां से जीत मिली थी। इस बार इस सीट पर भाजपा के दिग्गज नेता नितिन गडकरी और कांग्रेस के विकास ठाकरे के बीच मुकाबला है।

प्रमुख उम्मीदवार

  • नितिन गडकरी- भाजपा/NDA
  • विकास ठाकरे- कांग्रेस/INDIA

भंडारा-गोंदिया (Bhandara-Gondiya) लोकसभा सीट

महाराष्ट्र के भंडारा-गोंदिया लोकसभा सीट राज्य में 2008 में परिसीमन के बाद बना था। पहले यह भंडारा लोकसभा सीट के नाम से जाना जाता था। अब दो जिलों- भंडारा और गोंदिया में आने से इस लोकसभा सीट का नाम भंडारा गोंदिया पड़ा। भंडारा-गोंदिया लोकसभा सीट के तहत भंडारा, तुमसर, साकोली, तिरोडा, अर्जुनी-मोरगांव और गोंदिया विधानसभा क्षेत्र आते हैं। पिछले चुनाव में यहां से भाजपा के सुनील मेंढे को जीत मिली थी। 2019 में सुनील मेंढे को 6,50,243 मत मिले थे और उनके विरोधी नेता पंचबुद्धे नाना जयराम को 4,52,849 मत प्राप्त हुए थे। वहीं, इस बार भी भाजपा के तरफ से वर्तमान सांसद सुनील मेंढे उम्मीदवार हैं और उनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी प्रशांत पडोले के साथ है।

प्रमुख उम्मीदवार

गढ़चिरौली-चिमूर (Gadchiroli-Chimur) लोकसभा सीट

गढ़चिरौली-चिमूर लोकसभा सीट 2008 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई। इसके पहले यह लोकसभा क्षेत्र चिमूर का हिस्सा था। इस सीट का काफी बड़ा हिस्सा नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। यहां के अधिकतर युवा नक्सलवाद के रास्ते पर थे, लेकिन अब इस क्षेत्र में नक्सलवाद की कमर टूट रही है। इस सीट से पिछले चुनाव में भाजपा नेता अशोक नेते को जीत मिली थी। उन्होंने 5,19,968 मत प्राप्त किए थे। वहीं, उनके विरोधी रहे कांग्रेस उम्मीदवार नामदेव उसेंडी को 4,42,442 मिले थे। इस बार गढ़चिरौली-चिमूर लोकसभा सीट से भाजपा ने फिर से अशोक नेते को टिकट दिया है। वहीं, कांग्रेस ने उनके सामने डा. नामदेव किरसान को अपना उम्मीदवार बनाया है, क्योंकि नामदेव उसेंडी अब भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

प्रमुख उम्मीदवार

  • अशोक नेते- भाजपा/NDA
  • डाॅ. नामदेव किरसान- कांग्रेस/INDIA

चंद्रपुर (Chandrapur) लोकसभा सीट

चंद्रपुर लोकसभा सीट महाराष्ट्र के अहम सीटों में गिना जाता है। इसका अस्तित्व पहले चुनाव यानी कि 1952 से ही है। पिछले लोकसभा चुनाव (2019) में यहां से कांग्रेस उम्मीदवार सुरेश नारायण धानोरकर को 5,59,507 वोट मिले थे और उन्होंने जीत दर्ज की थी। उनके विरोधी रहे भाजपा नेता हंसराज गंगाराम अहीर को 5,14,744 वोट मिले थे। हालांकि, 2014 में चंद्रपुर सीट से भाजपा के हंसराज गंगाराम अहीर ने जीत दर्ज की थी और उन्हें 5,08,049 मत प्राप्त हुए थे। इस बार इस सीट पर भाजपा के सुधीर मुनगंटीवार और कांग्रेस नेता प्रतिभा धानोरकर के बीच है। यह मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है, क्योंकि कांग्रेस सांसद सुरेश धानोरकर का आकस्मिक निधन हो गया, जिसके बाद उनकी प्रतिभा धानोरकर को कांग्रेस ने टिकट दिया है।

प्रमुख उम्मीदवार

  • सुधीर मुनगंटीवार-भाजपा/NDA
  • प्रतिभा धानोरकर-कांग्रेस/INDIA
Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें