मुंबई

चलती ट्रेन से गायब हो गए 5 करोड़ से ज्यादा के गहने; कल्याण जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

सोलापुर से मुंबई आने वाली सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में एक बड़ा चोरीकांड सामने आया है। इसमें एसी कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री की बर्थ के नीचे रखी लॉक की हुई बैग सहित 5 किलो सोना चोरी हो गया।

एक्सप्रेस ट्रेन में चोरी।(सांकेतिक तस्वीर)

एक्सप्रेस ट्रेन में चोरी।(सांकेतिक तस्वीर)

सोलापुर-मुंबई के बीच चलने वाली सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में 5 करोड़ रुपये कीमत का सोना चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस ट्रेन के एसी कोच A-1 में यात्रा कर रहे एक यात्री की लॉक की हुई ट्रॉली बैग बर्थ के नीचे से रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई। बताया जा रहा है कि यह घटना 6 से 7 दिसंबर की मध्यरात्रि सोलापुर-कल्याण के बीच हुई।

मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई के गोरेगांव निवासी अभयकुमार जैन अपनी बेटी के साथ बर्थ नंबर 51 और 49 पर यात्रा कर रहे थे। उनके पास दो ट्रॉली बैग थे, जिनमें से एक ब्लू-ब्लैक अमेरिकन टूरिस्टर बैग में लगभग 5 किलो सोने के आभूषण रखे थे। बैग को पूरी तरह लॉक कर बर्थ के नीचे रखा गया था।

7 दिसंबर की सुबह जब ट्रेन कल्याण के करीब पहुंची, तो जैन की नींद खुली और उन्होंने देखा कि कीमती आभूषणों वाली ट्रॉली बैग गायब है। इससे हक्के-बक्के अभयकुमार जैन ने तुरंत टीटीई विक्रम मीणा को इसकी जानकारी दी और रेल मदद सेवा से संपर्क किया। चूंकि घटना कल्याण के पास हुई थी, उन्हें आगे की प्रक्रिया के लिए कल्याण जीआरपी भेजा गया।

अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

कल्याण जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, कोच में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की जा रही है और बीच के स्टेशनों की भी जांच की जा रही है। एसी कोच में, वह भी लॉक की हुई बैग से इतनी बड़ी चोरी होने पर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस का अनुमान है कि यह चोरी पूरी प्लानिंग और प्रोफेशनल तरीके से की गई है।

चोरी हुई ट्रॉली बैग में क्या-क्या था

अमेरिकन टूरिस्टर ट्रॉली बैग (ब्लू-ब्लैक)- 3,000 रुपये

  • ब्रीफकेस (ब्राउन) -2,000 रुपये
  • सोने के चैन-पेंडेंट जिसका वजन 60 ग्राम और कीमत 7,48,800 रुपये
  • सोने का मंगलसूत्र-पेंडेंट जिसका वजन 260 ग्राम और कीमत 32,44,800 रुपये
  • सोने के झुमके/टॉप्स जिसका वजन 800 ग्राम और कीमत 99,84,000 रुपये
  • सोने की कटोरियां जिनका वजन 300 ग्राम और कीमत 37,44,000 रुपये
  • सोने की कान चैन जिसका वजन 125 ग्राम और कीमत 15,60,000 रुपये
  • सोने की अंगूठियां जिनका वजन 800 ग्राम और कीमत 99,84,000 रुपये
  • सोने के ‘याली’ आभूषण जिसका वजन 350 ग्राम और कीमत 43,68,000 रुपये
  • सोने के नेकलेस जिसका वजन 900 ग्राम और कीमत 1,12,32,000 रुपये
  • सोने की माला जिसका वजन 140 ग्राम और कीमत 11,17,200 रुपये
  • सोने का मंगलसूत्र (काले मोतियों सहित) जिसका वजन 300 ग्राम और कीमत 37,44,000 रुपये
  • सोने के झुमके (अन्य) जिसका वजन 70 ग्राम और कीमत 8,73,600 रुपये
  • अन्य सोने के आभूषण (बालियां, डुल, स्टोन सेट) जिसका वजन 226 ग्राम और कीमत 28,20,480 रुपये
  • सोने की नोजपिन (मोरनी) जिसका वजन 125 ग्राम और कीमत 12,67,500 रुपये
पुलिस टीम का कहना है कि मामले को गंभीरता से जांचा जा रहा है और जल्दी ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article