Navi Mumbai: महाराष्ट्र के नवी मुंबई में ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। हाल की में कुछ बदमाशों ने शहर में साइबर ठगी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि साइबर ठगों ने ‘शेयर’ में निवेश करने का लालच देकर नवी मुंबई के 60 वर्षीय एक व्यक्ति से कथित तौर पर 58 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
नवी मुंबई 58 लाख रुपये की साइबर ठगी
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस ने शुक्रवार को पांच लोगों के खिलाफ धारा 336 (3) (जालसाजी), 318 (4) (छद्म वेश धारण करके धोखाधड़ी) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पेशे से ‘डिजाइन कंसल्टेंट’ शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने अक्टूबर में उनसे संपर्क किया और शेयर में निवेश करने पर आकर्षक धन वापसी की पेशकश की।
अधिकारी के अनुसार, जालसाजों ने यह भी दावा किया था कि वे एक राष्ट्रीयकृत बैंक की ‘शेयर ट्रेडिंग’ शाखा से संबद्ध रखते हैं। अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने 16 अक्टूबर से 28 नवंबर के बीच 58 लाख रुपये गवाए। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके निवेश विवरण से पता चला कि उसके खाते में 5.12 करोड़ रुपये थे, लेकिन वह राशि नहीं निकाल सका और आरोपी ने कथित तौर पर उसे धन प्राप्त करने के लिए पहले 50.8 लाख रुपये का भुगतान करने के लिए कहा। अधिकारी के अनुसार, जब आरोपी ने उससे रुपये की मांग जारी रखी तो शिकायतकर्ता को एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है और उसने साइबर पुलिस से संपर्क किया।
(इनपुट - भाषा)
