मुंबई

Dombivli Blast News: महाराष्ट्र के डोंबिवली में फूड स्टॉल में ब्लास्ट, नौ लोग घायल; दो की हालत नाजुक

महाराष्ट्र के डोंबिवली के टंडन रोड पर एक फूड स्टॉल पर सिलेंडर में विस्फोट होने से नौ लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। सबसे पहले स्टॉल पर आग लगी और फिर स्टॉल पर लगे LPG सिलेंडर में विस्फोट हुआ।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : PTI

Dombivli Blast News: महाराष्ट्र के डोंबिवली में एक फूड स्टॉल में विस्फोट हुआ है। विस्फोट में नौ लोग घायल हैं। इनमें दो लोगों की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि डोंबिवली के टंडन रोड पर एक फूड स्टॉल में धमाका हुआ है। जानकारी के अनुसार, पहले फूड स्टॉल में आग लगी, जिसके बाद अंदर रखा सिलेंडर ब्लास्ट कर गया।

कंपनी में विस्फोट में 10 लोगों की हुई थी मौत

बता दें हि हाल ही में डोंबिवली में एक एमआईडीसी कंपनी में विस्फोट हुआ था। इसमें कई लोगों की जानें चली गई थी और कई लोग घायल हुए थे। जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री के रिएक्टर में विस्फोट की घटना में 10 लोगों की मौत हो गई थी और 60 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

डोंबिवली में 23 मई को हुआ था विस्फोट

ठाणे जिले के डोंबिवली इलाके में स्थित 'अमुदन केमिकल्स' में 23 मई को हुए विस्फोट का प्रभाव इतना भयानक था कि आसपास के घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और वहां खड़ी कारें, सड़कें और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने 'अमुदन केमिकल्स' के निदेशक मलय मेहता (38) को गिरफ्तार किया था।

अपराध शाखा के अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को कंपनी की एक और निदेशक और मलय मेहता की पत्नी स्नेहा मेहता (35) को तलब किया और विस्तृत पूछताछ के बाद मामले में प्रथम दृष्टया उनकी संलिप्तता साबित होने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी के मुताबिक स्नेहा को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। घटना के संबंध में पिछले सप्ताह पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी जिसमें उनका नाम नहीं था।

विस्फोट की चल रही है जांच

अधिकारी ने बताया कि जांच दल ने मुंबई स्थित मेहता के आवास पर भी छापा मारा और कुछ दस्तावेज इकट्ठा किये, जो जांच के लिए महत्वपूर्ण हैं। राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने मंगलवार को कहा था कि घटना की जांच के लिए उद्योग, श्रम एवं पर्यावरण विभागों के प्रमुख सचिवों वाली तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है और यह तीन सप्ताह में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

इनपुटः भाषा

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article