मुंबई

Mumbai News: एमवीए में दरार के संकेत, कांग्रेस ने किया ऐलान, जनवरी 2026 बीएमसी चुनाव अकेले लड़ेगी पार्टी

Mumbai News: बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के आगामी चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता वर्षा गायकवाड़ ने शनिवार को स्वतंत्र रूप से लड़ने की तैयारी करने की बात की। उन्होंने एक बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को बीएमसी में कांग्रेस का झंडा फहराने का संकल्प लेने के लिए कहा।

Image

बृहन्मुंबई नगर निगम चुनावों में कांग्रेस ने अकेले लड़ने का संकेत दिया (Facebook)

Mumbai News: महा विकास आघाडी (एमवीए) के भीतर संभावित तनाव के संकेत देते हुए, कांग्रेस नेता वर्षा गायकवाड़ ने शनिवार को कहा कि पार्टी बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के आगामी चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस की मुंबई इकाई की अध्यक्ष गायकवाड़ ने पार्टी की एक बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से "बीएमसी में कांग्रेस का झंडा फहराने" का संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा, "हमें कांग्रेस पार्षदों का निर्वाचन सुनिश्चित करना होगा... सभी 227 सीट के लिए तैयारी करनी होगी।" देश के सबसे अमीर नगर निकाय, बीएमसी के चुनाव जनवरी 2026 में होने की संभावना है। गायकवाड़ ने यह बयान कांग्रेस महासचिव रमेश चेन्निथला और कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल सहित वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में दिया। कांग्रेस का अकेले चुनाव लड़ने का फैसला ऐसे समय में आया है, जब शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनके चचेरे भाई महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता राज ठाकरे के नगर निकाय चुनावों के लिए हाथ मिलाने की संभावना है।

कांग्रेस का एक वर्ग गठबंधन के खिलाफ

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, उत्तर भारतीय प्रवासियों के खिलाफ राज ठाकरे के आक्रामक रुख को देखते हुए, कांग्रेस का एक वर्ग उनके साथ गठबंधन के खिलाफ है। गायकवाड़ ने कहा कि इससे पहले, जब पत्रकारों ने चेन्निथला से पूछा था कि क्या पार्टी बीएमसी चुनाव अकेले लड़ेगी, तो उन्होंने (चेन्निथला ने) कहा था कि ऐसे फैसले स्थानीय इकाइयों पर छोड़ दिए गए हैं।

उन्होंने कहा, "हमने उन्हें (चेन्निथला को) बता दिया है कि कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता समान विचारधारा वाले दलों और समूहों के साथ अकेले चुनाव लड़ना चाहते हैं।" उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों को संगठनात्मक तैयारियों के बारे में जानकारी दे दी गई है। लोकसभा सदस्य ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अगले दो महीने तक जमीनी स्तर पर काम करें और मतदाता सूची के प्रति सतर्क रहें। कांग्रेस ने 2019 में अपनी चिर प्रतिद्वंद्वी शिवसेना और राकांपा के साथ मिलकर एमवीए बनाया था।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article