मुंबई

Maharashtra News: औरंगाबाद रेलवे स्टेशन का नाम अब ‘छत्रपति संभाजीनगर’, नया कोड होगा CPSN

मध्य रेलवे के अनुसार, महाराष्ट्र के औरंगाबाद रेलवे स्टेशन का नाम अब आधिकारिक रूप से 'छत्रपति संभाजीनगर' रेलवे स्टेशन कर दिया गया है। दक्षिण मध्य रेलवे के नांदेड़ मंडल के अंतर्गत आने वाले इस स्टेशन के नाम परिवर्तन को प्राधिकृत अधिकारियों ने मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही स्टेशन का नया कोड CPSN निर्धारित किया गया है।

Image

औरंगाबाद रेलवे स्टेशन अब से छत्रपति संभाजीनगर

Photo : Times Now Digital

Chhatrapati Sambhajinagar Railway Station: महाराष्ट्र के ऐतिहासिक औरंगाबाद रेलवे स्टेशन का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर ‘छत्रपति संभाजीनगर रेलवे स्टेशन’ (Chhatrapati Sambhajinagar Railway Station) कर दिया गया है। यह निर्णय दक्षिण मध्य रेलवे के नांदेड़ मंडल के अंतर्गत प्राधिकृत अधिकारियों की मंजूरी के बाद लागू हुआ है। स्टेशन का नया कोड ‘CPSN’ निर्धारित किया गया है।

आधिकारिक रूप से बदला नाम

महाराष्ट्र सरकार ने 15 अक्टूबर 2025 को जारी एक राजपत्र अधिसूचना में इस बदलाव को मंजूरी दी थी। अब भारतीय रेल ने इसे औपचारिक रूप से लागू कर दिया है। इसके बाद रेलवे की सभी सूचनाओं, टिकट बुकिंग सिस्टम, स्टेशन बोर्ड और घोषणाओं में स्टेशन का नाम ‘छत्रपति संभाजीनगर’ के रूप में दिखाई देगा।

ऐतिहासिक निर्णय का राजनीतिक संदर्भ

यह कदम 2023 में औरंगाबाद शहर का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर करने के बाद उठाया गया है। शहर और स्टेशन दोनों का नाम परिवर्तन महाराष्ट्र की ऐतिहासिक विरासत और छत्रपति संभाजी महाराज की स्मृति से जुड़ा है। राजनीतिक तौर पर यह फैसला राज्य में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले चर्चा में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह निर्णय भाजपा नेतृत्व वाली महायुति सरकार ने लिया है, हालांकि इस प्रक्रिया की शुरुआत शिवसेना नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार के कार्यकाल में हुई थी।

80 के दशक से उठ रही थी मांग

1980 के दशक के उत्तरार्ध से औरंगाबाद का नाम बदलने की मांग उठती रही, जो 1988 में हुए सांप्रदायिक दंगों के दौरान चरम पर पहुंची, इन दंगों में 25 से अधिक लोगों की जान गई। उसी वर्ष शिवसेना ने औरंगाबाद नगर निगम पर नियंत्रण स्थापित किया और 8 मई को बाल ठाकरे ने सार्वजनिक रूप से शहर का नाम ‘संभाजी नगर’ रखने की घोषणा की। 1995 में इस नाम परिवर्तन को लेकर एक प्रस्ताव पारित हुआ और जनता से परामर्श लिया गया। अंततः सितंबर 2023 में महाराष्ट्र सरकार ने एक विशेष मंत्रिमंडल बैठक में अनुमोदन के बाद जिले का नाम आधिकारिक रूप से ‘छत्रपति संभाजीनगर’ कर दिया। हाल ही में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस शहर को भारत की भविष्य की इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) राजधानी घोषित किया है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article