मुंबई

महाराष्ट्र के अमरावती में इंसानियत शर्मसार, जादू टोना के शक में महिला की पिटाई; जबरन पिलाया पेशाब

महाराष्ट्र के अमरावती में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जादू-टोना के शक में एक बुजुर्ग महिला की पिटाई की गई है। उसे जबरन पेशाब पीने के लिए मजबूर किया गया-

Image

सांकेतिक तस्वीर

Photo : iStock

Maharashtra News: महाराष्ट्र में अमरावती जिले के एक गांव में काला जादू करने के संदेह में 77 वर्षीय एक वृद्ध महिला की कथित तौर पर पिटाई की गई, उसे जबरन पेशाब पीने के लिए मजबूर किया गया तथा लोहे की छड़ से दाग दिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि 30 दिसंबर को यह घटना होने के बाद इस महीने के शुरू में पुलिस में शिकायत दर्ज करायी गयी तथा बुजुर्ग महिला के बेटे और बहू ने कार्रवाई की मांग करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह बुजुर्ग महिला चिखलदारा तालुका के रेत्याखेड़ा गांव की रहने वाली हैं।

महिला पर काला जादू करने का आरोप

अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को भेजे पत्र में शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 30 दिसंबर को जब महिला घर पर अकेली थीं तब उनके पड़ोसियों ने यह आरोप लगाते हुए उन्हें पकड़ लिया कि वह काला जादू करती हैं। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि ग्रामीणों ने कथित रूप से महिला को लाठी से पीटा तथा उन्हें थप्पड़-घूसे मारे एवं उनके हाथ-पैर पर लोह की छड़ से दाग भी दिया।

महिला पेशाब पीने और कुत्ते का मल खाने को मजबूर

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि महिला को पेशाब पीने एवं कुत्ते का मल खाने के लिए मजबूर किया गया। उसके बाद गले में जूते-चप्पल की माला डालकर उन्हें घूमाया गया। काम के सिलसिले में अन्यत्र गये महिला के बेटे और बहु को पांच जनवरी को इस घटना की जानकारी मिली और उन्होंने फिर पुलिस में शिकायत दर्ज करायी।

मामले के खिलाफ शिकायत दर्ज

अमरावती के पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने कहा कि यह घटना गंभीर है और उन्होंने शुक्रवार को शिकायतकर्ताओं से बात की। उन्होंने कहा कि रेत्याखेड़ा गांव जंगल के अंदरूनी क्षेत्र में है और घटना की पुष्टि के लिए एक पुलिस अधिकारी को भेजा गया है तथा तदनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बात की भी पुष्टि की जायेगी कि जिस थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी, क्या उस थाने ने इस घटना को छिपाने का प्रयत्न किया और यदि ऐसी कोई चूक/खामी मिली तो कार्रवाई की जायेगी।

इनपुटः भाषा

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article