Mumbai Accident News: मुंबई में चल रहे वर्ली–शिवड़ी फ्लाईओवर (Worli–Sewri Elevated Road) के निर्माण कार्य के दौरान एक गंभीर हादसा सामने आया है। जहां एक व्यक्ति के सिर पर अचानक ऊपर से एक लोहे की भारी रॉड गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पर्याप्त पान नहीं किए जाने के कारण यह हादसा हुआ।
यह घटना उस वक्त हुई जब फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से जारी था। इसी दौरान परेल इलाके में स्थित केईएम अस्पताल परिसर के पास से एक शख्स गुजर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शख्स के ऊपर अचानक ऊंचाई से एक लोहे की रॉड नीचे गिर गई। जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट लग गई और खून बहने लगा। यह हादसा इतना अचानक हुआ कि घायल शख्स को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया घायल की स्थित पर निगरानी रखी जा रही है।
ठेकेदार पर उठे लापरवाही के आरोप
इस हादसे ने एक बार फिर मुंबई में चल रहे निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले भी शहर में विकास कार्यों के दौरान कभी स्लैब गिरने तो कभी लोहे की सरिया गिरने जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं, जिनमें कई लोग घायल हुए हैं और कुछ मामलों में जान तक चली गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण प्रोजेक्ट्स में सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा है। इस घटना के लिए संबंधित ठेकेदार और साइट पर तैनात कर्मचारियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और जांच भी शुरू कर दी गई है। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
