शहर

MP : 62 करोड़ से बदलेगी दतिया की तस्वीर, केन-बेतवा प्रोजेक्ट-डेयरी व्यवसाय से किसानों को बड़ा लाभ; CM ने बताया पूरा प्लान

मुख्यमंत्री ने किसानों की भूमिका को देश की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि सीमा पर तैनात जवान और खेत में काम करने वाले किसान दोनों ही देश के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि किसान सूरज की तपिश में मेहनत कर देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, इसलिए किसान हमारे भाग्य विधाता हैं।

Image

दतिया में सीएम डॉ. मोहन यादव की बड़ी घोषणा

दतिया : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव (Mohan Yadav) ने अपने जन्मदिन से एक दिन पहले दतिया जिले के भांडेर में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में जिले को बड़ी सौगात दी। उन्होंने 62 करोड़ 23 लाख रुपये की लागत से जुड़े 12 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किया और कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

सम्मेलन की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और कन्या पूजन के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दतिया की जनता से मिले स्नेह और स्वागत को देखकर ऐसा लगा मानो उनका जन्मदिन आज ही मना लिया गया हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व में देश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और दुनिया के किसी भी कोने में भारतीयों को परेशानी होने पर भारत सरकार तुरंत मदद पहुंचाने का काम करती है।

मुख्यमंत्री ने किसानों की भूमिका को देश की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि सीमा पर तैनात जवान और खेत में काम करने वाले किसान दोनों ही देश के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि किसान सूरज की तपिश में मेहनत कर देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, इसलिए किसान हमारे भाग्य विधाता हैं।

गाय पालन-डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए बाबा साहब आंबेडकर के नाम पर योजना लागू की गई है, जिसमें 25 गायों के साथ डेयरी शुरू करने पर लगभग 40 लाख रुपये के निवेश पर 10 लाख रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र में खेती की तस्वीर बदल जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने जनता के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि पहले स्कूलों में बच्चों को टाट-पट्टी लेकर जाना पड़ता था और कई जगह पेड़ों के नीचे कक्षाएं लगती थीं, जबकि अब प्रदेश में शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं में लगातार सुधार हो रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार मेधावी छात्रों को स्कूटी और लैपटॉप उपलब्ध करा रही है तथा आने वाले सत्र से बच्चों को दूध का पैकेट भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने किसानों से नरवाई न जलाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार भूसे की खरीद कर गौशालाओं तक पहुंचाने की व्यवस्था भी कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान दतिया पीजी कॉलेज में विज्ञान संकाय भवन और कैंटीन, रतनगढ़ माता क्षेत्र में यात्री निवास, पुलिस लाइन में रक्षित निरीक्षक कार्यालय, 33/11 केवी उपकेंद्र सहित कई विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही सांदीपनि स्कूल में छात्रावास निर्माण और अन्य विकास कार्यों की भी शुरुआत की गई।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article