शहर

Meerut News: ऑनलाइन गेम खेलते हुए युवक को हुआ ब्रेन हैमरेज, मौत

Meerut News: मेरठ में ऑनलाइन गेम खेलते समय 22 वर्षीय युवक को अचानक ब्रेन हैमरेज हो गया। गंभीर हालत में उसे पहले मेरठ और फिर दिल्ली के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Image

मृतक मोहम्मद कैफ की फाइल फोटो

Meerut News: मेरठ के खेरनगर इलाके से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां ऑनलाइन गेम खेलते समय 22 वर्षीय युवक को अचानक ब्रेन हैमरेज हो गया। दिल्ली में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक को लंबे समय से हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत थी और उसकी दवा भी चल रही थी। मृतक की पहचान मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है।

हेडफोन लगाकर गेम खेल रहा था युवक

परिजनों के अनुसार, 5 फरवरी को मोहम्मद कैफ घर पर ऑनलाइन गेम खेल रहा था। उसने दोनों कानों में हेडफोन लगाए हुए थे। तभी वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिवार वालों ने उसे तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। जहां उसका इलाज तीन दिनों तक चला। लेकिन 8 फरवरी को मोहम्मद कैफ ने दम तोड़ दिया।

युवक का बीपी 300 से ऊपर पहुंचा

जानकारी के अनुसार युवक को तेज ब्रेन हैमरेज हुआ था। ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण उसके दिमाग की नस फट गई। बताया जा रहा है कि युवक का बीपी 300 से भी ऊपर पहुंच गया था। मृतक के पिता फारूक ने बताया कि उनके बेटे को लंबे समय से हाई ब्लड प्रेशर की बीमारी थी। करीब दस साल पहले भी उसे बीपी बढ़ने की समस्या हुई थी। डॉक्टरों ने रोज दवा खाने की सलाह दी थी। लेकिन वह दवाइयों लेने में अक्सर लापरवाही करता था। कैफ ने काफी समय से दवा लेना भी बंद कर दिया था।

परिजनों ने बताया कि कैफ को ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया का काफी शौक था। वह मोबाइल पर रील्स भी बनाया करता था। इस घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में भी शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने कैफ की मौत पर गहरा दुख जताया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article