Fire in Solan: हिमाचल प्रदेश के सोलन के कंडाघाट के जंगलों में आग की लपटों ने भारी तबाही मचाई हुई है। आग लगने से जंगलों को काफी ज्यादा नुकसान पहुंचा है। हालांकि, आग बुझाने की कोशिश जारी है, लेकिन अभी तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। आग लगने की सूचना मिलने पर टाइम्स नाऊ नवभारत की संवाददाता पूनम शर्मा मौके पर पहुंची। देखिए पूनम शर्मा की रिपोर्ट।
सोलन के जंगलों में लगी आग
सोलन के जंगलों में लगी आग रिहायशी इलाको तक जा पहुंची है। एयर फोर्स कॉलोनी, हिमुडा कॉलोनी, सहित कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 के आस-पास तक जंगलो में भयानक आग लगी हुई है। दमकल कर्मचारी आग बुझाने में लगे हुए हैं। आग से अब तक लाखों रुपए की वन संपदा जलकर राख हो गई है।
आग बुझाने की कोशिश जारी
बता दें कि जंगलों में आग ने अपना रौद्र रूप धारण किया हुआ है और जंगल में आग लगने से वन्य प्राणी को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं, दमकल विभाग के कर्मचारी के साथ वन विभाग के कर्मचारी भी लोगों की मदद से जंगलों में भड़की आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे है, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका है और इस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है।
रिहायशी इलाकों तक पहुंची आग
बताया जा रहा है कि आग कई किलोमीटर तक फैल गई है और इसका धुआं रिहायशी इलाकों तक पहुंच रहा है, जिस वजह से आस-पास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। आग बुझाने में जुटे कर्मचारी राजेश कुमार ने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे के आस पास आग लगने की सूचना मिली थी। आग पहले ऊपरी इलाके में लगी थी, जिसे बुझा दिया गया है और अब निचले इलाकों में आग बुझाने की कोशिश जारी है।
