Surat Factory Fire: सूरत के इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार दोपहर एक कपड़ा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में नायलॉन और केमिकल मौजूद होने के कारण आग देखते ही देखते तेजी से फैल गई। जिससे हालात गंभीर हो गए और भीषण आग को देखते हुए दमकल विभाग को ‘मेजर कॉल’ घोषित करना पड़ा। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, आग की यह घटना सचिन GIDC स्थित होजीवाला इंडस्ट्रीज में स्थित गोपीनाथ प्रिंटिंग मीटिंग फैक्ट्री में लगी, जहां नायलॉन टेक्सटाइल कपड़े बनाने का काम किया जाता है। घटना के समय फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में कपड़ा और केमिकल मौजूद था। जिसने आग को बढ़ाने वाले ईंधन का काम किया, जिसकी वजह से आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग तुरंत हरकत में आ गया। आग की गंभीरता को देखते हुए सूरत नगर निगम के फायर विभाग के साथ ही सचिन GIDC और होजीवाला की फायर टीमों को भी मौके पर भेजा गया।
शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने की आशंका
मौके पर दमकल की टीम लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई है। साथ ही आग को आसपास की अन्य फैक्ट्रियो में फैलने से रोकने के लिए प्रयास जारी है। फिलहाल आग के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है। गनीमत की बात ये है कि इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन इस भयानक आग में फैक्ट्री को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आग को पूरी तरह बुझाने के प्रयास जारी हैं।
