Mumbai Matunga Railway Workshop Fire: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आई है। मंगलवार दोपहर माटुंगा क्षेत्र में स्थित रेलवे वर्कशॉप में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना माटुंगा रेलवे स्टेशन के पास सेंट्रल रेलवे के कोच मरम्मत यार्ड में हुई, जहां ट्रेन के डिब्बों की देखरेख और मरम्मत का काम किया जाता है।
आसपास के इलाकों में मचा हड़कंप
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वर्कशॉप में खड़ी एक एसी कोच या उससे जुड़े उपकरण में आग भड़क उठी, जो देखते ही देखते तेजी से फैल गई। आग की लपटों के साथ घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया।
किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं
माटुंगा क्षेत्र स्थित रेलवे वर्कशॉप में आग लगने की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की कई टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि लपटों को फैलने से रोकने के लिए तुरंत आवश्यक सुरक्षा कदम उठाए गए और आसपास के इलाकों को खाली करा लिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है, फिर भी एहतियात के तौर पर मेडिकल टीम को मौके पर तैनात रखा गया है।
इस वक्त हुई यह घटना
रेलवे वर्कशॉप में लगी आग को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक, दोपहर 3:10 बजे एक LHB स्लीपर कोच में आग लग गई। फायर ब्रिगेड को तुरंत बुलाया गया और आग को शाम 4:00 बजे तक बुझा लिया गया। कोच का लगभग 70% ऊपरी हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि नीचे लगे उपकरण (अंडरस्लंग इक्विपमेंट) सुरक्षित हैं।
प्रारंभिक जांच में क्या पता चला?
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि CSMT की तरफ वाले टॉयलेट में वेल्डिंग का काम चल रहा था। वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से पास में रखा सामान आग की चपेट में आ गया। तेज हवा और कोच के नॉन-एसी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। हालांकि, किसी अन्य कोच या वर्कशॉप इंफ्रास्ट्रक्चर को कोई नुकसान नहीं हुआ, क्योंकि कोच को तुरंत खुले क्षेत्र में बाहर निकाल दिया गया था।
