Maharashtra Railway News: महाराष्ट्र में भारी बारिश का दौर जारी है। इस बीच ठाणे जिले के अटगांव से आसनगांव स्टेशन के बीच बोल्डर गिरने की खबर सामने आई है। ये दोनों रेलवे स्टेशन मध्य रेलवे के आधिकारिक क्षेत्र में आते हैं। बोल्डर गिरने के कारण कसारा और कल्याण स्टेशन के बीच रेलवे लाइन प्रभावित हुई है। रेलवे ट्रैक पर बड़े-बड़े पत्थर गिरने के कारण ट्रैक जाम हो गया है। जब तक मरम्मत का कार्य पूरा नहीं होता है तब तक यहां रेलवे लाइनों पर ट्रेनों का चलना मुश्किल है। मध्य रेलवे द्वारा स्थिति को देखते हुए और रेलवे यातायात को वापस शुरू करने के लिए रेलवे ट्रैक से पत्थर हटाने का कार्य किया जा रहा है। आइए आपको बताएं इस बीच कौन सी ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
बोल्डर गिरने से ट्रेनें प्रभावित
मध्य रेलवे द्वारा एक्स पर पोस्ट कर घटना की जानकारी दी गई और साथ ही प्रभावित ट्रेनों के बारे में भी बताया गया है।
1) 22224- साईनगर शिरडी- सीएसएमटी वंदे भारत एक्सप्रेस
2) 11072 - बलिया- एलटीटी कामायनी एक्सप्रेस
3) 12108- सीतापुर- एलटीटी एक्सप्रेस।
महाराष्ट्र में जारी भारी बारिश का दौर
महाराष्ट्र में पिछले कई दिनों से लगातार भारी बारिश का सिलसिला जारी है। कुछ हिस्सों में हो रही बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल रही है। वहीं कुछ हिस्से ऐसे भी हैं जहां बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जगह-जगह जलजमाव हो गया है। सड़क यातायात प्रभावित है। जुलाई महीने हुई तेज बारिश के कारण रेलवे स्टेशन और ट्रैक पर पानी भरा होने के कारण लोगों को भारी समस्या हुई थी। उसी प्रकार महाराष्ट्र के ठाणे में भारी बारिश के बाद ट्रैक पर बोल्डर गिरने से रेल यातायात प्रभावित हो रहा है।
