शहर

धौलपुर में बारिश के कहर के बीच दर्दनाक हादसा, पानी से भरी पोखर में पलटी बच्चों-महिलाओं से भरी कार; 4 की मौत

Dholpur Car Accident: राजस्थान के धौलपुर में लगातार बारिश के बीच शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। मनियां थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव के पास बच्चों और महिलाओं से भरी ईको कार अनियंत्रित होकर पानी से भरी पोखर में पलट गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

Image

राजस्थान के धौलपुर में बड़ा हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Dholpur Car Accident: राजस्थान के धौलपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। मनियां थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव के पास पानी से भरी सड़क से गुजर रही एक ईको कार अचानक अनियंत्रित होकर पास की पोखर में जा पलटी। हादसे के समय कार में महिलाएं और बच्चे समेत कई लोग सवार थे।

चार लोगों की हुई मौत

दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कार के पानी में पलटते ही मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। वाहन में सवार महिलाएं और बच्चे पानी में फंस गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

जिला अस्पताल रेफर किए गए कई घायल

घायलों को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनियां ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद कई घायलों को जिला अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है और उनका अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पानी से भरी सड़क से गुजरते वक्त नियंत्रण खो बैठी कार

स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की सड़कों पर जगह-जगह पानी भर गया है। जलभराव की वजह से वाहन चालकों को सड़क की स्थिति का अंदाजा लगाने में परेशानी हो रही है। इसी दौरान कार पानी से भरी सड़क से गुजरते समय नियंत्रण खो बैठी और पोखर में पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। प्रशासन की ओर से भी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।

जिला कलेक्टर ने दी क्या जानकारी?

धौलपुर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने बताया कि सड़क के दोनों ओर पानी भरा होने के कारण चालक रास्ते को लेकर भ्रमित हो गया और वाहन को पोखर की ओर मोड़ दिया। इसी वजह से ईको कार पोखर में जा गिरी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

(धौलपुर से संतोष राजपूत के इनपुट के साथ)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article