शहर

Rajasthan News: सिलेंडर न मिलने पर भड़का शख्स, गुस्से में उठा लिया ये खौफनाक कदम, बड़ा हादसा टला

श्रीगंगानगर जिले में गैस सिलेंडर का विवाद इतना बढ़ गया कि एक शख्स ने गुस्से में आकर सिलेंडरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली पलट गई और सिलेंडर बिखर गए। गनीमत रही कि सिलेंडर में कोई विस्फोट नहीं हुआ। आरोपी ने कर्मचारियों से मारपीट की और धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

सिलेंडर नहीं मिलने पर ट्रॉली को मारी टक्कर

Photo : Times Now Digital

Sri Ganganagar News: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज एक शख्स ने खतरनाक कदम उठा लिया। उसने गैस से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। गनीमत की बात है कि इस दौरान कोई सिलेंडर फटा नहीं वरना बड़ा हादसा हो सकता था। गैस एजेंसी के मालिक ने आरोपी शख्स के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गैस सप्लाई विवाद बना खतरनाक

यह घटना लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र के गांव दलियांवाली की है। जानकारी के अनुसार, लालगढ़ जाटान स्थित बाबू इंडेन गैस एजेंसी के कर्मचारी 2 अप्रैल को गांव दलियांवाली में गैस सिलेंडर सप्लाई करने पहुंचे थे। एजेंसी मालिक ऋषिराम गुर्जर (26) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके कर्मचारी रमन कुमार और गिरधारी लाल ग्रामीणों को गैस वितरण कर रहे थे। तभी गांव निवासी गुरसेवक सिंह गैस सिलेंडर लेने के लिए पहुंचा।

हालांकि, पेट्रोलियम मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार ग्रामीण इलाकों में 45 दिन के बाद ही घरेलू गैस सिलेंडर दिया जाता है। आरोपी गुरसेवक सिंह 26 मार्च को ही सिलेंडर लेकर जा चुका था, इसलिए उसे नया सिलेंडर देने से मना कर दिया गया। इस बात से नाराज होकर आरोपी ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और उन्हें धमकी देकर वहां से चला गया।

आरोपी है कि जब कर्मचारी शाम को करीब 4 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली में सिलेंडर लेकर भागसर की ओर जा रहे थे, तभी गांव से बाहर गुरसेवक सिंह अपने नीले रंग के न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर के साथ खड़ा मिला। उसने अचानक गैस सिलेंडरों से भरी ट्रॉली को तेज टक्कर मार दी। जिससे ट्रॉली पलट गई और अंदर रखे सिलेंडर खेतों में बिखर गए। ट्रॉली पास ही लगे कंटीले और करंट वाले तारों पर जा गिरी। गनीमत रही कि कोई भी सिलेंडर फटा नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था और आसपास खड़ी गेहूं व जौ की फसल भी आग में जलकर राख हो सकती थी।

शराब के नशे में कर्मचारियों से मारपीट

घटना के बाद आरोपी ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की और गैस कलेक्शन के पैसे लूटने की कोशिश की। कर्मचारी किसी तरह से अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकले। बताया जा रहा है कि आरोपी घटना के वक्त शराब के नशे में था और उसने धमकी दी कि अगर दोबारा गांव में गैस सप्लाई की गई तो वो पूरी ट्रॉली को आग लगा देगा। एजेंसी मालिक ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि सुरक्षा के मद्देनजर गांवों में सप्लाई बंद करनी पड़ सकती है। फिलहाल लालगढ़ जाटान पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ ओमप्रकाश मामले की जांच कर रहे हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!