शहर

Maharashtra Weather: महाराष्ट्र के 8 जिलों में आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी, भीषण गर्मी के बीच बदला मौसम का मिजाज

Maharashtra Weather Update 15 May: महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। सांगली-कोल्हापुर समेत 8 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। जानें मानसून कब आएगा और आपके शहर के मौसम का हाल।

Image

कहीं 46 डिग्री की लू तो कहीं तूफानी बारिश का अलर्ट

Photo : Times Now Digital

Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र इस समय दोहरी परेशानी का सामना कर रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज, 15 मई 2026 के लिए राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भीषण गर्मी और बेमौसम बारिश का दोहरा पूर्वानुमान जारी किया है। जहां विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ हिस्से आग उगल रहे हैं, वहीं दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में तूफानी हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है।

विदर्भ में लू: अकोला सबसे गर्म (Vidarbha Heatwave Update)

पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र के कई शहरों में तापमान ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अकोला 45.9 डिग्री तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा अमरावती में 45.8 डिग्री सेल्सियस, जलगांव में 45.6 डिग्री सेल्सियस और वर्धा में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजस्थान के जैसलमेर (46.1 डिग्री सेल्सियस) से आ रही गर्म हवाओं के कारण सीमावर्ती जिलों में लू (Heatwave) का प्रकोप बना हुआ है।

इन जिलों में बारिश का 'येलो अलर्ट' (IMD Rain Alert Kolhapur Nanded Satara)

गर्मी के बीच अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बनी नई मौसम प्रणालियों के कारण दक्षिण महाराष्ट्र में बारिश के लिए अनुकूल माहौल बन गया है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इनमें सतारा, सांगली, कोल्हापुर, सोलापुर, सिंधुदुर्ग, धाराशिव, लातूर और नांदेड़ शामिल हैं। इन इलाकों में बिजली कड़कने के साथ मध्यम बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

क्षेत्रवार मौसम का हाल (Konkan Mumbai Marathwada Vidarbha Pune Weather Today)

कोंकण (मुंबई, ठाणे, पालघर): यहां बारिश की हल्की संभावना है, लेकिन मुख्य रूप से मौसम गर्म और उमस भरा (Humid) रहेगा। मुंबई में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मराठवाड़ा और विदर्भ: छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, अकोला और वर्धा में लू की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि, विदर्भ के कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और छिटपुट बारिश की भी आशंका है।

पुणे: शहर में दिन में आसमान साफ रहेगा, लेकिन शाम को आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। तापमान 37 से 41 डिग्री के बीच रहेगा।

कल अंडमान पहुंचेगा मानसून

भीषण धूप से परेशान किसानों के लिए राहत की खबर है। बंगाल की खाड़ी में बादल बढ़ने के साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 16 मई तक मानसून के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में दस्तक देने की उम्मीद है। यह संकेत है कि इस साल मानसून समय से पहले अपनी यात्रा शुरू कर सकता है।

सावधानी बरतने की अपील

बदलते मौसम को देखते हुए नागरिकों से सतर्क रहने का आग्रह किया गया है। लू वाले इलाकों में दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त पानी पिएं। वहीं, आंधी-बारिश वाले क्षेत्रों में बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article