पूर्वी यूपी से पश्चिम तक बदली मौसम की चाल
UP Ka Mausam 21-Nov-2025: उत्तर प्रदेश में मौसम के मिजाज बदले हुए है। हवाओं की दिशा बदलने से तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि इससे ठंड पर कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है। इस बीच प्रदेश में सुबह के समय कोहरा छाया हुआ है। कहीं हल्का तो कहीं मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल रहा है। दिन के समय गुनगुनी धूप खिल रही है, जिससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिल रही है। मौसम विभाग की मानें तो ये राहत कुछ दिनों की है, क्योंकि आगामी दिनों में एक बार फिर तापमान में कमी आएगी। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में यूपी के न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। ऐसे में कहीं-कहीं शीतलहर चलेगी।
मौसम विभाग की मानें तो आज उत्तर प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। सुबह के समय कोहरा छाया हुआ है। भले ही दिन में धूप खिलने से लोगों राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम के दौरान गर्म कपड़ों की कई लेयर पहनने की आवश्यकता पड़ने लगी है। स्वेटर और जैकेट में भी हल्की ठिठुरन महसूस हो रही है। शाम होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के घरों के आगे अलाव देखने को मिल रहा है। वहीं शहरी इलाकों में धीरे-धीरे लोगों के घरों में हीटर चलने शुरू हो गए हैं। इस बीच कहीं भी मौसम विभाग ने बारिश होने या शीतलहर चलने का अलर्ट जारी नहीं किया है। प्रदेश के तापमान की बात करें तो यहां न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है, वहीं अधिकतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
मौसम विभाग की मानें तो अगले 5 दिन यूपी के मौसम में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। यहां मौसम शुष्क बना रहेगा। तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा और सुबह-शाम में कोहरा छाया रहेगा। आईएमडी के अनुसार, नवंबर के अंतिम सप्ताह से प्रदेश में भीषण सर्दी की दस्तक होगी।