UP Ka Mausam 20-Nov-2025: उत्तर प्रदेश में धीरे-धीरे ठंड बढ़ रही है। सुबह के समय कोहरा छाने लगा है और पारा 10 से 12 के बीच दर्ज किया जा रहा है। वहीं अधिकतम तापमान 25 से 29 के बीच बना हुआ है। बीते दिनों प्रदेश में चल रही पछुआ हवाओं की दिशा बदल गई है। पश्चिम से चल रही हवाएं अब उत्तर-पूर्वी दिशा से चलने लगी है, जिससे तापमान में थोड़ी वृद्धि की उम्मीद की जा रही है। दिन के समय तेज धूप खिल रही है, जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिलने लगी है। लेकिन रातें अभी भी सर्द है, शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। यूपीवासी ठंड से बचने के लिए आवश्यक सारे जतन कर रहे हैं। गर्म कपड़ों की लेयर पहनी जा रही है। रात होते ही लोग कंबल में दुबक जाते हैं। शहरी इलाकों में हीटर शुरू हो गए हैं तो वहीं ग्रामीण इलाकों में लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। रात में भी कोहरा छाया रहता है।
यूपी में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में आज बुधवार को मौसम शुष्क बना रहेगा। अधिकांश जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया हुआ है। कहीं हल्का तो कहीं मध्यम स्तर का कोहरा छाया हुआ है। तापमान में गिरावट देखी जा रही है, लेकिन दिन के समय पारा बढ़ने की उम्मीद है। धूप की तपिश से तापमान बढ़ेगा और लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी। सूरज ढलने के साथ ही तापमान में गिरावट होगी और लोगों को एक बार फिर ठिठुरता हुआ देखा जाएगा। तापमान में आ रहे उतार-चढ़ाव के बीच यूपी में आज तेज हवाएं चलने की संभावना है। बता दें कि शहरी इलाकों की तुलना में यूपी के ग्रामीण इलाकों में ठंड अधिक है।
आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
हवाओं का रुख बदलने से यूपी के मौसम में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पछुआ हवाओं के थमने और उत्तर-पूर्वी हवाओं के चलने से तापमान में थोड़ी वृद्धि होने लगी है। लेकिन यह वृद्धि भी और ठंड से मिल रही राहत भी कुछ ही दिन की मेहमान है। क्योंकि 23 नवंबर के प्रदेश में एक बार फिर पछुआ हवाओं का दौर शुरू होगा, जिससे पारा लुढ़केगा और कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होगा। तापमान में लगातार गिरावट आने से प्रदेश में शीतलहर की भी शुरुआत होने के आसार भी हैं। बताया जा रहा है कि इस साल उत्तर प्रदेश के निवासियों को भीषण सर्दी का सामना करना पड़ेगा। यहां शरीर सुन कर देने वाली और हड्डियां कंपा देने वाली ठंड पड़ेगी।
