उत्तर प्रदेश पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। बरेली और बुलंदशहर में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान इन दोनों अपराधियों के गोली लगी, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। बताया जा रहा है कि बरेली में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है तो वहीं बुलंदशहर में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
बरेली में दुष्कर्म करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार
पुलिस के क्षेत्राधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर थाना बारादरी का वांछित अपराधी रफीक अहमद पीलीभीत बाईपास से भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसकी घेराबंदी की। खुद को फंसते देख बदमाश पुलिस पर फायरिंग कर 99 बीघा की तरफ भागने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश घायल हो गया। उसके बाएं पैर में गोली लगी और उसे घेराबंदी करके गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बरेली में बदमाश को मुठभेड़ के दौरान एक गोली भी लगी है। इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बदमाश के पास एक 315 बोर का तमंचा, जिसमें एक खोखा फंसा हुआ था, और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। बदमाश के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जांच में पता चला कि आरोपित बारादरी थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर जरी का काम करता है। उसने बताया कि घटना के दिन उसने कुछ नशा किया था, जिसकी वजह से उसने इस घटना को अंजाम दिया।
बुलंदशहर में लूट का आरोपी गिरफ्तार
बुलंदशहर में पुलिस ने जिस अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, उसकी पहचान रूकनसराय निवासी अनस उर्फ चौड़ा के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एएसपी देहात ऋजुल ने बताया कि आज पुलिस अड़ौली नहर पुल पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सिकंदरा से आता हुआ एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस को आता देखकर बलीपुरा नहर की तरफ मुड़ गया।
पुलिस ने उसका जब पीछा किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह व्यक्ति घायल हो गया और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अनस उर्फ चौड़ा बताया, इस पर एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे हैं। बदमाश से एक तमंचा 315 बोर, तीन कारतूस, बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। यह एक मोबाइल लूट के मुकदमे में वांछित था। पुलिस ने बताया कि यह बड़ा शातिर अपराधी था।
(इनपुट - आईएएनएस)
