Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। जिले के हरियावां क्षेत्र में एक शख्स की ने प्रेमी से मिलने गयी अपनी पत्नी की नाक दांतों से काट ली। गंभीर रूप से घायल महिला को लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला
दरअसल महिला का गांव के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग था। जब महिला अपने प्रेमी से मिलने उसके घर गई इसकी जानकारी होने पर महिला का पति उसे लेने प्रेमी के घर पहुंच गया। इस दौरान पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई। गुस्साए राम खिलावन ने तैश में आकर उसने दांतों से अपनी पत्नी की नाक काटकर अलग कर दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद महिला का प्रेमी महिला की कटी हुई नाक डिब्बे में लेकर थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत की।
हरियावां पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला और कटी नाक को हरदोई मेडिकल कॉलेज ले गई। महिला की हालत की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया।
मामले की जांच जारी
अपर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि हरियावां थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में राम खेलावन नामक व्यक्ति ने बुधवार को अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के घर पर पाया। तैश में आकर उसने दांतों से अपनी पत्नी की नाक काटकर अलग कर दी। उन्होंने बताया कि महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानूनी कार्रवाई जारी है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
