उत्तर प्रदेश में आज का मौसम कैसा रहेगा 18-July-2025: यूपी में मानसूनी बारिश का दौर जोरों पर है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश दर्ज की जा रही है। मानसूनी बादलों की आवाजाही से मौसम सुहावना और ठंडा बना हुआ है। बीते 48 घंटों से प्रदेश के अधिकांश जिलों को मानसूनी बारिश ने भिगो रखा है। आगामी दिनों में भी प्रदेश का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। आज यानी शुक्रवार, 18 जुलाई को भी मौसम विभाग ने यूपी के अधिकतर जिलों में तेज बारिश के विभिन्न अलर्ट जारी किए हैं। कहीं रेड तो कहीं ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान यूपी में 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम ठंडा बना रहेगा। दोपहर के समय धूप खिली रहेगी, जिससे कई इलाकों में उमस से लोग पसीने में तरबतर नजर आएंगे। आइए अब आपको बताएं कहां होगी झमाझम बारिश और कहां बिजली गिरने का अलर्ट जारी -
उत्तर प्रदेश के 6 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न प्रकार के अलर्ट जारी किए हैं। कहीं रेड अलर्ट जारी किया गया है वहीं कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज ललितपुर, झांसी, महोबा, बांदा, चित्रकूट और प्रयागराज में बहुत तेज और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के साथ यहां आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है।
इन जिलों में जारी ऑरेंज अलर्ट
यूपी के जालौन, हमीरपुर, फतेहपुर, कौशांबी, संत रविदास नगर, मिर्जापुर और सोनभद्र में मौसम विभाग ने बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ बरसात होगी। यहां 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
यूपी के अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट
उत्तर प्रदेश में रेड-ऑरेंज अलर्ट के अलावा येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आज कानपुर, कानपुर देहात, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, सहारनपुर, बिजनौर, रामपुर और मुरादाबाद में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा लखनऊ, मथुरा, अलीगढ़, महामायानगर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, एटा, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद, बदायूं, कांशीराम नगर, हरदोई, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, आजमगढ़ और गाजीपुर में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के विभिन्न अलर्ट के बीच यूपी का मौसम सुहावना बना रहेगा। अधिकांश क्षेत्रों में निवासियों को गर्मी से राहत रहेगी। वहीं कई इलाकों में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान नजर आएंगे। हालांकि आगामी दिनों में नोएडा, गाजियाबाद, गोरखपुर, कुशीनगर आदि जिलों में भी हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट जारी
मौसम विभाग की मानें तो आज बरेली रामपुर, प्रयागराज, फतेहपुर, बागपत, मेरठ, इटावा, हापुड़, नोएडा, लखनऊ, गाजियाबाद, रायबरेली, मुरादाबाद, एटा, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, अमरोहा, मैनपुरी, अमेठी में बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
