साहरनपुर में लुटेरी दुल्हन
Saharanpur: सहारनपुर के चिलकाना थाना क्षेत्र के पटनी गांव में एक ठगी का चौंका देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। यहां पटनी गांव में शादी करके आई दुल्हन 18 दिन बाद घर से गायब हो गई। परिवार की गैरमौजूदगी में दुल्हन मौका देख सोने-चांदी के जेवरात लेकर घर से फरार हो गई। घर पहुंचने पर जब दुल्हन नहीं मिली तो परिजनों ने पाया कि गहने भी गायब है। ठगी का शक होने पर शादी कराने वाले बिचौलिए से संपर्क किया गया, लेकिन दुल्हन के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की पूरी जानकारी। पुलिस ने दुल्हन और बिचौलिए के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गौरव सैनी की शादी कोलकाता निवासी मुगली खातून उर्फ पूजा से 26 अक्टूबर को हुई थी। बड़े अरमानों से हुई शादी 18 दिन भी नहीं चली, क्योंकि घर आई नई दुल्हन कीमती जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई। परिजनों का कहना है कि फरार होने वाली दुल्हन अपने साथ लगभग 60 से 70 हजार रुपये के सोने-चांदी के गहने ले गई।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना उस समय हुई थी, जब घर के सभी सदस्य अपने-अपने काम पर बाहर गए हुए थे और दुल्हन पूजा घर में अकेली थी। वापस लौटने पर घर में दुल्हन नहीं मिली, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दो से तीन दिन तक आस-पास के गांवों में तलाश करने के बाद परिवार को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस को तुरंत मामले की सूचना दी।
बताया जा रहा है कि यह शादी गांव के ही रहने वाले एक स्थानीय बिचौलिए सीटू और उसके सास-ससुर द्वारा तय कराई गई थी। परिवार ने बताया कि गौरव सैनी की शादी करवाने और दुल्हन लाने की जिम्मेदारी लेने के बिचौलिए सीटू ने उनसे 60 हजार रुपये की रकम ली थी। गौरव को बिचौलिया अपने साथ कोलकाता के दीवानपुर ले गया था, जहां से यह रिश्ता तय हुआ और मुगली खातून उर्फ पूजा को दुल्हन बनाकर घर लाया गया।
दुल्हन के गहने लेकर फरार होने के बाद, पीड़ित परिवार ने तुरंत बिचौलिए सीटू से संपर्क किया लेकिन उसने परिवार को कोई खास जानकारी नहीं दी। परिवार को उस पर शक हुआ तो उन्होंने दुल्हन के साथ उसके खिलाफ भी पुलिस में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने दुल्हन पूजा के साथ बिचौलिए सीटू के खिलाफ संबंधित धाराओं के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।