उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां शराब के नशे में धुत ड्राइवर ने ट्रक एक महिला पर चढ़ा दिया। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद ट्रक ड्राइवर वाहन को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि महिला का शव ट्रक में फंस गया है।
ट्रक में फंसा महिला का शव
पुलिस ने महिला को शव को ट्रक से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना पीजीआई थाना क्षेत्र के किसान पथ की है। दुर्घटना सुबह के समय हुई थी। इस हादसे से गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे पूरे इलाके में यातायात प्रभावित हो गया है। लोगों का आरोप है कि ट्रक ड्राइवर नशे में था, जिस कारण यह हादसा हुआ है। स्थानीय लोगों ने आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने स्थानीय लोगों को समझाने की कोशिश की और जाम को खत्म करवाया। ताकि यातायात व्यवस्था पुनः शुरू हो सके।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। मृतक महिला के परिवार को मामले की जानकारी दे दी गई है। महिला की मौत की खबर सुनकर पूरे परिवार में मातम पसर गया है। पुलिस पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृतक का शव परिवार को अंतिम क्रिया के लिए सौंप देगी। साथ ही साथ पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
