Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में दोकटी थाना पुलिस द्वारा एक युवक से मारपीट करने का मामला सामने आया था। बताया जा रहा है कि इस मामले में पीड़ित युवक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाने के पूर्व थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार यानी आज 29 नवंबर 2025 को बताया कि अदालत के आदेश पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारी ने यह भी बताया कि पीड़ित युवक प्रतियोगिता परीक्षा यानी कम्पेटिटिव एग्जाम की तैयारी कर रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
कम्पेटिटिव एग्जाम की तैयारी कर रहे युवक के साथ पुलिस ने की मारपीट
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, दोकटी थाना क्षेत्र के दलन छपरा पकड़ी तर गांव निवासी और प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे मंटू यादव (24) की शिकायत पर पूर्व थाना प्रभारी मदन पटेल के साथ आरक्षी त्रय रिंकू गुप्ता, ज्योतिष और आशीष मौर्य के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता के तहत मारपीट, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में संबंधित धाराओं में शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि मंटू यादव अपने चाचा के साथ प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता है। वह होली के मौके पर अपने गांव आया था। फरवरी 2024 को वह जितेंद्र कुमार यादव के साथ मुरली छपरा गांव में अपने मित्र सूरज सोनी के घर आयोजित दावत में शरीक होकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था कि थाना क्षेत्र के नवानगर ढाला पर रात में जांच के दौरान पुलिस ने उन्हें रोका और जितेंद्र कुमार यादव के साथ उसे पूछताछ के लिए थाने ले गई।
मारपीट के बाद रिहा करने के लिए मांगे 40 हजार
प्राथमिकी के अनुसार, जब उन्होंने थाने लाने का कारण पूछा तो उनके साथ पुलिसकर्मियों ने मारपीट की व गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसकी जेब से एक हजार रुपये छीन लिया। जब उसने पुलिस कर्मियों से रिहा करने का अनुरोध किया तो उससे चालीस हजार रुपये की मांग की गई।
उन्होंने बताया कि मंटू यादव ने गत 23 अगस्त 2024 को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में पुलिसकर्मियों के विरुद्ध मामला दर्ज करने के लिए याचिका दाखिल की। अभियोजन पक्ष के अनुसार मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी शैलेश कुमार पांडेय की अदालत ने 12 नवंबर को मुकदमे की सुनवाई करने के बाद आरोपी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना करने का आदेश दोकटी थाना प्रभारी एसओ को दिया। बैरिया क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मोहम्मद फहीम कुरैशी ने शनिवार को बताया कि मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत के आदेश पर मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
