Jhansi News: दिल्ली से भोपाल जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 20172 जैसे ही शाम में झांसी रेलवे स्टेशन पहुंची तो उसमें सवार एक यात्री के साथ आधा दर्जन से अधिक लोगों ने मारपीट की। इस घटना की शिकायत एक्स (ट्विटर) पर की गई है। बता दें कि इस मारपीट का आरोप भाजपा विधायक के साथियों पर लगाया गया है। इस मामले को लेकर रेलवे पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
क्या है पूरा मामला
वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 20172 के एक्ज़क्यूटिव कोच ई-2 में झांसी के बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा अपनी पत्नी और बेटे के साथ दिल्ली से झांसी की यात्रा कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, कोच में सीट नम्बर 8 राजीव सिंह पारीछा, उनकी पत्नी कमली सिंह की सीट नम्बर 50 और बेटे श्रेयांश सिंह की सीट नम्बर 51 थी। बताया जा रहा है कि ट्रेन जैसे ही झांसी रेलवे स्टेशन पहुंची तो जिस कोच में विधायक राजीव सिंह पारीछा बैठे हुए थे उसी कोच की सीट नंबर 49 पर यात्रा करने वाले राज प्रकाश नाम के यात्री के साथ आधा दर्जन लोगों ने मारपीट की। ट्रेन के स्टेशन पर रुकते ही यह लोग अंदर घुस गए और राज प्रकाश की जमकर पिटाई की गई। जब तक कुछ किया जाता तब तक सिग्नल हो गया और ट्रेन भोपाल के लिए रवाना हो गई।
किस बात को लेकर हुआ झगड़ा
सूत्रों की मानें तो मारपीट की ये घटना सीट एक्सचेंज के एक विवाद से शुरू हुई थी। पीड़ित ने रेलवे पुलिस में मामला दर्ज करवाते हुए भाजपा विधायक राजीव सिंह पारीछा के साथियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर बबीना विधायक राजीव ने कहा है कि वह लिखित में अपना पक्ष रखेंगे।
कांग्रेस ने लगाया भाजपा पर मारपीट करने का आरोप
इस घटना को लेकर मध्य प्रदेश में पन्ना जिले के पूर्व पवई विधायक मुकेश नायक और एमपी के पूर्व मंत्री रामनिवास रावत ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने यात्री के साथ मारपीट का आरोप झांसी से भाजपा के बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा के समर्थकों पर लगाया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना से यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
पूर्व विधायक मुकेश नायक ने एक्स पर लिखा है कि "वंदे भारत ट्रेन में बुजुर्ग यात्री ने 49 नंबर सीट एक्सचेंज करने से इंकार किया, बबीना के बीजेपी विधायक राजीव सिंह के समर्थकों ने झांसी स्टेशन पर पीटा। नाक से खून निकला , ये है सुशासन की असलियत।"
इसी क्रम में मध्यप्रदेश के "पूर्व मंत्री रामनिवास रावत ने लिखा है कि वंदे भारत (20172 दिल्ली से भोपाल) में एग्जीक्यूटिव क्लास (ई-2) में 1 व्यक्ति के साथ 7/8 बाहर से आए लोगों ने पूरे कोच के यात्रियों के सामने मारपीट की, घायल व्यक्ति के नाक, मुंह, कान से खून बहने लगा इन लोगों का साथ पुलिस के कुछ लोग भी दे रहे थे। वंदे भारत जैसी ट्रेन में ये स्थिति है तो आम ट्रेनों में यात्रियों का क्या हाल होगा, इस तरह की घटनाएं यात्रियों को भयभीत करने का काम करती है।"
